रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जनवरी। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ग्यारह सूत्रीय मांग को लेकर प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने ज्ञापन सौंपा। इसी कड़ी में रायपुर में भी जिला अध्यक्ष रामचंद्र तांडी के नेतृत्व में कलेक्टर को ग्यारह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।
इस अवसर उपस्थित कर्मचारियों को कार्यकारी प्रांताध्यक्ष नरेश वाढेर, प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार, संरक्षक सी एल दुबे, संभागीय अध्यक्ष संजय शर्मा आदि नेताओं ने संबोधित किया।
सौंपे गए मांगों में मुख्य रूप से केंद्र के कर्मचारियों के समान राज्य के कर्मचारियों को देय तिथि से मंहगाई भत्ता दी जाए,कर्मचारियों को 240के स्थान पर 300 दिनों की अर्जित अवकाश का नक़दीकरण किया जाए,विभिन्न वर्ग के कर्मचारियों की वेतन विसंगति दूर की जाए आदि है।
इस अवसर पर आलोक जाधव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष पीताम्बर पटेल, नारायण बाग,विश्वजीत मलिक, साहिल मुदलियार, शुभम भट्ट,राजेश दुबे, रामलखन गुप्ता, नलिनी चंद्राकर आदि उपस्थित रहे।
दूसरे ज्ञापन में प्रदेश के आईटीआई में कार्यरत प्रशिक्षण अधिकारियों के 5 सूत्रीय मांग के संबंध में सौंपा गया। जिसमें शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के विभिन्न जि़लों के पदाधिकारी तथा सदस्य बलरामपुर, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, कोण्डागांव, कांकेर, बलौदाबाज़ार, राजनांदगांव, बालोद, कुरुद, सुकमा, धमतरी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दंतेवाड़ा भिलाई, नारायणपुर, मोहला-मानपुर, बस्तर, महासमुंद, कवर्धा, सक्ति, मुंगेली, जांजगीर चांपा ने आवाज़ बुलंद की, जिसमें रोजगार एवं प्रशिक्षण संयुक्त संचालक आर बी तिवारी को हटाने एवं कमर्चारियों के परिवीक्षा अवधि, समयमान एवं प्रमोशन , ग्रेडेशन सूची शामिल है।