रायपुर

निकायों में 103 को अनुकम्पा नियुक्ति
20-Jan-2025 7:30 PM
 निकायों में 103 को अनुकम्पा नियुक्ति

अब स्वच्छता दीदियों को हर महीने मिलेंगे 8 हजार रूपये

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीनदयाल  ऑडिटोरियम में आयोजित ’नगरीय विकास के सोपान’ कार्यक्रम में प्रदेश के  निकायों में दिवंगत कर्मियों के 103 परिजनों को  अनुकम्पा नियुक्ति पत्र सौंपे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के मुखिया प्रधानमंत्री से लेकर गांव के सरपंच तक विकास की सोच रखने वाले जनप्रतिनिधि होंगे  छत्तीसगढ़ का सर्वांगीण विकास होकर ही रहेगा। नगरीय निकायों में अनुकम्पा नियुक्ति के संबंध में लम्बे समय से मांग की जा रही थी। हमने संवेदनशीलता के साथ विचार कर इसके लिए नए पद भी स्वीकृत किए हैं। नगरीय विकास के सोपान कार्यक्रम में हम लोग आज 103 पदों पर अनुकंपा नियुक्ति का आदेश पत्र अभी वितरण किए हैं।  सरकार ने  अनुकम्पा नियुक्ति के लिए 353 पदों की स्वीकृति दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न नगरीय निकायों में 155 करोड़ 38 लाख रुपए के 813 कार्यों का शिलान्यास  और 15 करोड़ 25 लाख रुपए के 70 कार्यों का लोकार्पण अभी यहां पर हुआ है। 6 नगरीय निकायों तखतपुर, रतनपुर, भानुप्रतापुर, छुरिया, मल्हार ओर खोंगापानी में अमृत मिशन-2.0 के तहत 270 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले जल प्रदाय योजनाओं का शिलान्यास भी हम लोगों ने यहां पर किया है। इन नगरीय निकायों में 20 हजार 511 निजी नल कनेक्शन दिए जाएंगे।

ऐसे ही मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत क्लीन टायलेट कैम्पेन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के 14 नगरीय निकायों को आज हम लोग सम्मानित कर रहे हैं। अंबिकापुर, छुरा, छुरिया, डोंगरगढ़, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, मंदिर हसौद और चंदखुरी आदि नगरीय निकायों को आज पुरस्कृत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में स्वच्छता दीदियों की  लगन और मेहतन से ही स्वच्छता मिशन सफल हो पा रहा है।  इन्हें 7200 रुपये मानदेय दिया जाता है। और आज से 800 रूपये की बढ़ोत्तरी की जा रही है। अब स्वच्छता दीदियों को हर महीने 8 हजार रूपये मानदेय मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने कहा कि  प्रदेश के 23 नगरीय निकायों में मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत लगभग चार लाख जनसंख्या को शुद्व पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके तहत माना कैम्प, कुम्हारी, मंदिर हसौद, सुकमा और कोंडागांव नगर पालिका तथा समोदा, चंदखुरी, कुंरा, नगरी, आमदी, फिंगेश्वर, गुण्डरदेही, अर्जुन्दा, बोदरी, राहोद, खरोद, शिवरीनारायण, सरिया, प्रेमनगर, भटगांव, झगराखंड, कुनकुरी और नरहरपुर नगर पंचायत में 1154 करोड़ रुपए की लागत की जलप्रदाय परियोजनाओं का योजनाबद्ध ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है। वन मंत्री तथा रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री  केदार कश्यप ने कहा कि राज्य में शहरी क्षेत्रों में विकास तेजी से हो रहा है ।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री  टंकराम वर्मा, राजधानी जिले के विधायक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक  आर. एक्का सहित अनेक जनप्रतिनिधि  अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट