रायपुर

स्टेशन और बस स्टैण्ड से 3500 किलो नकली पनीर जब्त
20-Jan-2025 7:21 PM
स्टेशन और बस स्टैण्ड से 3500 किलो नकली पनीर जब्त

रेलनीर की पेटियां जब्त करने सौदेबाजी भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 जनवरी। दिसंबर के तीसरे सप्ताह  तीन फैक्ट्री सील करने के बाद अब नकली पनीर की तस्करी होने लगी है। खाद्य औषधि विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन और भाठागांव बस स्टैण्ड से नकली पनीर की बड़ी खेप जब्त किया है। बताया गया है कि रायपुर स्टेशन  में बड़ी मात्रा में अनलोड हुए सफेद बोलियों  पैक्ड पार्सल पर कुछ संदेह हुआ।  बुकिंग आफिस के कर्मचारियों के चैक करने पर पनीर निकला। उन्होने तत्काल खाद्य औषधि विभाग को सूचना दी । मौके पर पहुंचे खाद्य अमले ने जांच कर सभी पैकेट जब्त कर लिया है।बोरे बंद करीब 60 पैकेट में यह नकली पनीर बरामद किया गया है। इसके बाद टीम ने भाठागांव बस स्टैण्ड से भी पनीर के पार्सल जब्त किए। यह पनीर पुणे से आना बताया गया है। टीम ने महेन्द्रा ट्रेवल्स के ऑफिस से बरामद किया। औषधि विभाग की टीम पनीर के सैंपल लेकर जांच कर रही है। इससे पहले औषधि विभाग ने  दिसम्बर अंत में निमोरा, बिलासपुर रोड और गो गांव इलाके में तीन फैक्ट्रियों का खुलासा कर पांच हजार किलो नकली पनीर जब्त किया था। इन फैक्ट्रियों के सील होने के बाद से उत्पादन बंद हो चुका है। अंचल में खपत को देखते हुए अब होटल, रेस्टोरेंट, और बड़े कैटरिंग फर्म दूसरे राज्यों से पनीर मंगाने लगे हैं। आशंका है कि इस पनीर में जानवरों की चर्बी मिक्स की जाती है। सैंपल की जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी। इस पनीर को मुरैना भोपाल, पुणे और महाराष्ट्र के अन्य शहरों से मंगाए जाने की जानकारी दी गई है। रेलवे स्टेशन में पार्सल अमले ने एक ऐसे व्यक्ति को चिन्हित किया है जिसे यह पनीर मंगाने वाला बताया गया है। यह पनीर राजधानी के गोपी चावला नामक व्यक्ति के नाम से मंगाया गया है। 

पनीर जब्त करने गई टीम नए विवाद में उलझती दिख रही है। टीम में एक फूड सेफ्टी ऑफिसर और उनके साथी कर्मचारी  शामिल  थे। टीम की नजर पार्सल ऑफिस के पास बड़ी मात्रा में रखे रेल नीर (बोतलबंद पानी) की पेटियों पर पड़ी। रेल नीर की पेटियां सीमेंट के प्लेटफार्म तिरपाल से ढांककर रखी हुई थी।  टीम ने  पेटियां देखने के बाद  इंचार्ज को बुलाया और कहा कि ये पानी खुले में गंदगी में रखा हुआ है वो पूरी पानी की पेटियां जब्त कर लेंगे या उनके खिलाफ 5 लाख रुपए का फाइन होगा। इस लेन बचने के लिए फूड की टीम के लोग सेटलमेंट को नाम पर 50 हजार की बात कहते रहे तो रेल नीर वाले 30हजार देने की। इसकी सूचना देने पर खाद्य नियंत्रक चंदन कुमार ने कहा कि खाद्य विभाग पूरे मामले की जांच करेगा और संबंधित अधिकारी यदि दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट