रायपुर
इस कार्रवाई के बाद डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर भ्रष्टाचारी को जेल की हवा खानी पड़ेगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 जनवरी। लोनिवि ने मोवा ओवरब्रिज मरम्मत घोटाला मामले में पांच इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है। इस निर्माण कार्य में हो रहे दोबारा मरम्मत को देखकर समझा जा सकता है कि जू राजधानी के निर्माण कार्य में ऐसी गड़बड़ी और घटिया मटेरियल का इस्तेमाल किया जा रहा था तो शेष राज्य के दूरस्थ इलाकों में क्या हाल किया जाता होगा। यह मरम्मत कार्य 1 करोड़ के खर्च से हो रहा था ।
बहरहाल मामले की सीई से मिली जांच रिपोर्ट के बाद सेल्फ डिफेंस में विभाग ने अपने इंजीनियर्स को निपटा दिया है। इनमें ईई विवेक शुक्ला,रोशन साहू एसडीओ,राजीव मिश्र, देवव्रत यमराज और तन्मय गुप्ता। तीनों उप अभियंता को निलंबित कर ईएनसी आफिस अटैच किया गया है। ।
ठेकेदार को नोटिस
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने गुणवत्ताहीन कार्य के लिए ठेकेदार केशवदास आर. जादवानी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने ठेकेदार को जारी नोटिस में कहा है कि ओवरब्रिज में डामरीकरण के बाद यातायात प्रारंभ होने पर गिट्टी निकलने लगी जिससे कार्य की गुणवत्ता पर विपरीत प्रभाव पड़ा। इसमें ठेकेदार की लापरवाही स्पष्ट परिलक्षित होती है। इसके लिए मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सेतु परिक्षेत्र रायपुर द्वारा ठेकेदार के पंजीयन को निलंबित/पदावनत करने की अनुशंसा की गई है।
विभाग ने नोटिस में ठेकेदार को कहा है कि आपका कृत्य शासन एवं लोकहित के विपरीत है। इसलिए क्यों न इस कृत्य के लिए आपके पंजीयन को निरस्त/ पदावनत/ निलंबित किया जाए? ठेकेदार को कारण बताओ सूचना का जवाब 15 दिन के अंदर प्रमुख अभियंता कार्यालय को प्रस्तुत करने कहा गया है। दी गई समयावधि में उत्तर प्राप्त नहीं होने की स्थिति में इस संबंध में ठेकेदार को कुछ नहीं कहना है, यह मानकर एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।