रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 जनवरी। भारत सरकार के खेल और युवा कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘नेशनल यूथ फेस्टिवल 2025’ के तहत ‘विकसित भारत : यंग लीडरशिप संवाद’ का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही राहुल गुप्ता, जिन्हें ‘माउंटेन मैन’ के रूप में जाना जाता है, ने यूथ आइकॉन और विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के साथ सीधा संवाद करते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। राहुल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना देश के युवाओं की प्रतिबद्धता और परिश्रम से ही पूरा होगा।
गौरतलब है कि ‘विकसित भारत यंग लीडरशिप संवाद’ में देशभर से 3,000 युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन 10 से 12 जनवरी तक किया गया, जिसमें युवाओं ने विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।