रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 जनवरी। स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर विधान सभा परिसर में प्रतिष्ठापित ‘‘स्वामी विवेकानंद जी’’ की प्रतिमा पर सचिव दिनेश शर्मा और वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें स्मरण किया।
विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रदेशवासियों को छेरछेरा पर्व पर अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी है । अपने शुभकामना संदेश में विधान सभा अध्यक्ष डॉ. रमन ने कहा कि-लोक आस्था का यह महापर्व छत्तीसगढ़ के लोक जीवन में अन्न दान की महिमा को दर्शाता है। महादान और फसल उत्सव के रूप मनाया जाने वाला छेरछेरा महापर्व छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता और समृद्ध दानशीलता का प्रतीक है।
विधायक सुनील सोनी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने अपने जीवनकाल में एक लंबा समय रायपुर में बिताया यह हम सभी के लिए गौरव का विषय*रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी और समर्थकों ने नीलाभ उद्यान में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वामी विवेकानंद जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि स्वामी जी ने अपने उपदेशों और ओजस्वी व्याख्यानों से देश-दुनिया को मानव जाति की सेवा का मार्ग दिखाया। यह गर्व की बात है कि स्वामी विवेकानंद जी का कुछ समय रायपुर में बीता। स्वामी जी से जुड़ी स्मृतियां राजधानी रायपुर को एक विशेष पहचान देती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी जी के दार्शनिक और वैचारिक जीवन मूल्य हमें हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।