रायपुर
धनेली में होती थी कटिंग, मोमिन पारा में पैकिंग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी। सीएम विष्णु देव साय ने गौ तस्करों को छत्तीसगढ़ छोडऩे की चेतावनी दी है। अपने एक्स पोस्ट में सीएम ने कहा कि
राजधानी रायपुर में गौमांस बिक्री के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह न केवल गंभीर अपराध है, बल्कि यह सनातन आस्था और सामाजिक सद्भाव को गहरा आघात पहुंचाने वाला कृत्य है।गौमाता की तस्करी करने वाले या तो सुधर जाएं या छत्तीसगढ़ छोड़ दें। ऐसे अपराधियों की प्रदेश में कोई जगह नहीं है।
डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा कि गौ तस्करी, और गौ मांस बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस पर सरकार गंभीर है। रायपुर में जो एक्शन लिया गया है। यह उसी का नतीजा है। आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि कोई भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा। वहीं सर्व हिन्दू पंचायत नाम के एक संगठन ने इस घटना के विरोध में घड़ी चौक से निकलकर एसपी ऑफिस का घेराव किया। वे लोग इन आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पुलिस ने पत्रकारवार्ता में शाम सभी आरोपियों को पेश किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी। मोमिनपारा में गौमांस बिक्री करने वाले आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। एसएसपी लाल उमेद सिंह ने मीडिया को बताया कि 08-09.01.25 की दरम्यानी रात्रि मिली सूचना मिली थी कि मोमिनपारा स्थित एक मकान में कुछ व्यक्तियों द्वारा गौमांस बिक्री की जा रही है।
इस पर एएसपी सीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर तत्काल मकान में रेड किया गया। जहां एक कमरे में एक व्यक्ति उपस्थित था। पुलिस पार्टी आते देख अन्य कई लोग मौके से भाग निकले थे। मौके पर मौजूद व्यक्ति से पूछताछ में अपना नाम समीर मण्डल बताया। पुलिस टीम के कमरे की तलाशी लेने के दौरान कमरे में गौमांस, मांस काटने का बड़ा हथियार/चाकू, तराजू सहित अन्य सामग्री मिली।
डॉ.सिंह ने बताया समीर मण्डल से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने खुर्शीद अली, मोह. मुन्तजीर हैदर, अशफाक अली, अरमान हैदर एवं मोह. ईरशाद कुरैशी के साथ मिलकर गौमांस की बिक्री करना बताया। और दिन भर तलाशी के बाद खुर्शीद अली, मोह. मुन्तजीर हैदर, अशफाक अली, अरमान हैदर एवं मोह. ईरशाद कुरैशी सभी को पकड़ा गया। सभी आरोपियों से गौमांस, नायलोन रस्सी, लकडी का गुटका, तराजू, किलो बाट, मांस काटने का 04 बडे हथियार/चाकू बिक्री रकम 2550 रूपये जप्त कर आजाद चौक पुलिस ने धारा 299, 325 बी.एन.एस. तथा छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 6, 10 का अपराध दर्ज किया । गिरफ्तार आरोपियों से उनके बैक और फारवरिड लिंक के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस के मुताबिक ये लोग धरसींवा के आगे धनेली इलाके में गौवंश का स्लाटर कर मांस मोमिन पारा लाकर तौल और पैकिंग करते थे।