रायपुर

मोवा ओवरब्रिज मरम्मत : फिर बंद होगा, जिस हिस्से में डामर से गिट्टी निकल रही दोबारा कार्य होगा
09-Jan-2025 7:41 PM
मोवा ओवरब्रिज मरम्मत : फिर बंद होगा, जिस हिस्से में डामर से गिट्टी निकल रही दोबारा कार्य होगा

  राजधानी में भी घटिया सड़क निर्माण- कांग्रेस  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 जनवरी। राजधानी के मोवा रेलवे ओवरब्रिज पर एक बार फिर ट्रैफिक बंद किया जाएगा। ब्रिज  मरम्मत के बाद जिस हिस्से में डामर से गिट्टी निकल रही उसका डामर उखाड़ दोबारा कार्य कराया जाएगा।

ब्रिज की ऊपरी डामरीकृत सतह को उखाड़कर नया डामरीकरण मरम्मत का कार्य  3 जनवरी से  किया गया था। कार्य जल्द पूर्ण करने और यातायात के दबाव के कारण रात्रि 3-4 बजे तक डामरीकरण किया जा रहा था। आज सुबह देखने में आया कि डामर से कुछ जगह गिट्टी निकल रही है जो कि डामर का मटेरियल अधिक गरम होने के कारण है। यह कार्य वर्तमान में प्रगतिरत है। कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है। ओवरब्रिज के जिस हिस्से में डामर से गिट्टी निकल रही है, वहां के डामर को उखाड़ कर पुनः कार्य कराया जाएगा। ठेकेदार द्वारा किए गए कार्य का भुगतान कार्य की गुणवत्ता के पूर्ण परीक्षण के उपरांत किया जाएगा।

राजधानी में भी घटिया सड़क निर्माण- कांग्रेस

मोवा ओवरब्रिज मरम्मत के मामले में सरकार की सफाई पर  कांग्रेस ने  पलटवार किया है।

कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार की वजह से बीजापुर में खराब सड़क की खबर दिखाने पर एक पत्रकार की हत्या हो गई।

आज एक बार फिर वही मंजर राजधानी में भी देखने को मिल रहा है।

मोवा ओवरब्रिज ने पांच दिन बंद कर मरम्मत की लेकिन आज यह स्थिति है की पूरी सड़क झाड़कर घर ले जा सकते हैं।

पहले यह बताया गया कि निर्माण कार्य पूरा हो गया है।अब जब सच्चाई सामने आ गई सफाई  दी जा  रह कि निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है।यह भारतीय जनता पार्टी की बेशर्मी की पराकाष्ठा है।


अन्य पोस्ट