रायपुर
एफआईआर भी कराएगी निगम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जनवरी। निगम में प्रशासक राज आने के बाद से शहर में रसूखदारों के अवैध निर्माण और कब्जों पर कार्रवाई लगातार जारी है। गुरूवार सुबह निगम अमले ने सरकारी नाले को पाटकर बनाए गए सर्वेंट क्वार्टर पर बुलडोजर चलाया। यह निर्माण शंकर नगर सेक्टर -2 स्थित एक गार्डन के पास एक बड़े नाले पर किया गया था।
यह नाला उस पूरे इलाके के लिए निकास नाला था। इसके पास बन रहे बिल्डिंग के डेवलपर अमित खानचंदानी ने इस नाले को पाट कर अपने लेबर मजदूर के लिए पक्के क्वार्टर बना उन्हे बसा दिया था। आसपास के रहवासियों ने नाले में किए गए इस कब्जे की पूर्व में निर्वाचित पार्षद, और निगम प्रशासन में कई बार शिकायत कर चुके थे। उनका कहना था कि नाला बंद होने से कॉलोनी में सीवरेज की समस्या खड़ी हो गई है। लेकिन कार्रवाई नहीं की गई ।
और आज सुबह निगम के स्वास्थ्य, नगर निवेश के अमला बुलडोजर के साथ पहुंचा और सभी क्वार्टर तोड़ दिया । बताया गया है कि बिल्डर ने आधा दर्जन से अधिक क्वार्टर बनाकर स्टाफ को बसा दिया था। आज इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 1 लाख रूपए का जुर्माना किया है। वहीं नगर निवेश विभाग भी तोडफ़ोड़? में खर्च की भरपाई जुर्माने के साथ एफआईआर भी कराएगा।
इससे पहले निगम के कई टीमों ने बुधवार को शहर के कई इलाकों में सडक़ किनारे लगे अवैध ठेले गुमटी और अस्थाई दुकानों पर कार्रवाई कर रास्ते खोले। सुबह निगम ने पचपेढ़ी नाका जीएसटी भवन, पोस्टल स्टोर डिपो के बाहर हुए अवैध कब्जो को हटाया।यहां चल रहे पान ठेले और गुमटियों पर बुलडोजर चलाया।
दोपहर सिविल लाईन थाना और शास्त्री बाजार एवरग्रीन चौक के पास बाजार के मुख्य मार्ग कोअतिक्रमणों से मुक्त किया। दोनों ही जगह लगभग 25 से अधिक अवैध ठेले गुमटियां सडक मार्ग से हटाने कार्यवाही की गई।
इसी प्रकार मोवा ओव्हर ब्रिज के नीचे 3 अतिक्रमण हटाये। लगभग 3 - 4 दिन पहले जोन की टीम ने वहां लगभग 42 अतिक्रमण हटाये थे। दुबे कालोनी मोवा मुख्य मार्ग से अवैध विज्ञापन बोर्ड ठेले टपरियां हटाया। शंकरनगर मुख्य मार्ग, कांग्रेस भवन के समीप अवैध ठेले हटाए गए। तेलीबांधा एक्सप्रेस वे ब्रिज के नीचे अतिक्रमण हटाने सहित मैक इन इंडिया चैक तेलीबांधा कृष्ण कुंज के समीप शासकीय नजूल भूमि पर लगभग 15 गुना 45 वर्गफीट क्षेत्र में अवैध कब्जा जमाकर फुटपाथ पर शेड बनाकर लगे अवैध कपडा दुकान को हटाकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया।