रायपुर

ट्रेनों में गश्त नहीं, टीटीई भी निष्क्रिय,समता एक्सप्रेस के एसी कोच से लाखों की उठाईगिरी
08-Jan-2025 2:48 PM
ट्रेनों में गश्त नहीं, टीटीई भी निष्क्रिय,समता  एक्सप्रेस के एसी कोच से लाखों की उठाईगिरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जनवरी।
लंबी दूरी की ट्रेनों में  आरपीएफ जीआरपी जवान की गश्त में ढिलाई बरतने लगे हैं। खासकर दो रेलमंडल के बीच सेक्शन में ट्रेनें भगवान और चोरों के भरोसे छोड़ दिए गए हैं। और इसरा फायदा उठाने उठाईगीर फिर सक्रिय हो गए हैं। एसी कोच को भी नहीं बख्श रहे। ये लोग दो रेल मंडल के बीच के स्टेशनों के बीच दौड़ती ट्रेनों में वारदात कर रहे हैं और पुलिस अपने अपने सीमा क्षेत्र को लेकर उलझी रहती है। 

आज सुबह निजामुद्दीन से आकर विशाखापट्टनम जा रही 12808 समता एक्सप्रेस में यह वारदात हुई।  चोर सुबह 4 बजे से 6 बजे की बीच बैग लेकर भाग निकले। ये चोरी गोंदिया, राजनांदगांव और दुर्ग के बीच हो सकती है।  इसमें एक आर्मी के जवान की पत्नी का भी पर्स शामिल है, जिसमें 5 हजार कैश, आर्मी कार्ड और अन्य दस्तावेज मौजूद थे। यह यात्री ट्रेन के ए-1 में 36 नंबर सीट पर सफर कर रहे थे। इसके अलावा 34-35 नंबर बर्थ पर मौजूद एक यात्री पर्स भी पार कर गए। पर्स  में 10 हजार रुपए कैश, 30 हजार रुपए की कीमत वाला मोबाइल, सोने की चूडिय़ां और अंगूठी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। जीआरपी रायपुर ने यह मामला नांदगांव दुर्ग के बीच होना बताया है तो दुर्ग एसओ ने कहा कि यात्री सुबह छह बजे रायपुर में  चोरी से वाकिफ हुआ है और रायपुर में ही दर्ज कराया होगा।

यानी दुर्ग और रायपुर थानों ने अपने यहां मामले दर्ज होने से इंकार किया है। एसी कोच में अटेंडर टीटीई और बेडरोल अंटेडर भी तैनात किए जाते हैं । ऐसी वारदाते उनकी लापरवाही का भी नतीजा होतीं हैं। ये लोग बिना टिकिट या अनुपयुक्त टिकिट के कोच में  आवाजाही करने वालों से कोई पूछपरख नहीं करते। इतना ही नहीं टीटीई तो 100-50 किमी की दूरी के लिए पैसे लेकर ऐसे यात्रियों को सफर करने की अनुमति देते हैं ।
 


अन्य पोस्ट