रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जनवरी। नगर निगम के मेयर का पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद कांग्रेस, और भाजपा में महिला दावेदारों में खुशी की लहर है। दोनों ही दलों से आधा दर्जन नाम उभरकर सामने आए हैं। कहा जा रहा है कि चुनाव की घोषणा मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद हो सकती है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी को होगा।
दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में जैसे ही रायपुर नगर निगम का मेयर पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने की लॉटरी निकली, महिला दावेदार काफी खुश नजर आईं। कई लोग तो नगर निगम पार्षद दल की नेता श्रीमती मीनल चौबे को बधाई देने लग गए। बाकी महिला नेत्रियों भी एक-दूसरे को बधाई देते नजर आईं।
रायपुर नगर निगम में 2009 में मेयर का पद महिला आरक्षित हुआ था, तब सीधे चुनाव में कांग्रेस की किरणमयी नायक मेयर निर्वाचित हुईं। इस बार दोनों ही दलों से आधा दर्जन नाम उभरकर सामने आए हैं। भाजपा से श्रीमती मीनल चौबे का नाम प्रमुखता से उभरा है। मीनल रायपुर पश्चिम, और दक्षिण के वार्ड से पार्षद रही हैं। वर्तमान में वो भाजपा पार्षद दल की नेता हैं।
मीनल को भाजपा से टिकट का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा महिला नेत्री शैलेन्द्री परगनिया, सरिता आकाश दुबे के अलावा सिंधी काउंसिल की उपाध्यक्ष राखी बलवानी का नाम प्रमुखता से उभरा है। भाजपा के सिंधी समाज के नेताओं ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल, और प्रमुख नेताओं के सामने अपनी बात रखी है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी ने सिंधी समाज को एक भी टिकट नहीं दिया था। बावजूद इसके समाज का समर्थन भाजपा को रहा है।
दूसरी तरफ, कांग्रेस से दिग्गज नेताओं की पत्नियों का नाम भी दावेदारों के रूप में उभरा है। महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती डॉ. किरणमयी नायक का नाम भी चर्चा में हैं, लेकिन वो पद छोडक़र चुनाव लडऩे के लिए तैयार होंगी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। इससे परे सभापति प्रमोद दुबे की पत्नी श्रीमती दीप्ति दुबे, कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत, जोन अध्यक्ष रह चुकीं नीतू घनश्याम तिवारी का नाम भी चर्चा में हैं। आरक्षण तय होने के बाद जल्द ही प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तय की जाएगी।