रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जनवरी। राज्य मंत्रालय के बाद राजधानी के कलेक्टर ने भी सभी अधिकारी कर्मचारियों को 10 बजे अनिवार्यत आफिस पहुंचना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही उन्हें अपने वाटसएप ग्रुप में अपलोड भी करना होगा। वैसे कुछ माह पहले कमिश्नर महादेव कावरे ने भी कई जिला दफ्तरों में दबिश देकर लेट कमर्स को पकड़ा था। इनमें जिला उप संचालक कृषि जैसे जिलाधिकारी भी पकड़े थे लेकिन उसके बाद ले सभी दफ्तर वही पुराने ढर्रे पर चल रहे हैं। कलेक्टर की कसावट कितनी कारगर होगी यह देखना होगा।
बहरहाल, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के अनुरूप सभी कार्यालयों के अधिकारी समय पर पहुंचे। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक विभागीय अधिकारी निर्धारित समय 10 बजे से पहले कार्यालयों में पहुंचना सुनिश्चित करें। सप्ताह में दो दिन आमजनों से मुलाकात करें।
सप्ताह में सोमवार एवं गुरूवार को सुबह 10 बजे से 1 बजे तक सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालय में बैठेंगे। इसके अलावा जिला स्तरीय सभी अधिकारी अपनी उपस्थिति कार्यालयीन निर्धारित समय 10 बजे तक ग्रुप में भेजना सुनिश्चित करें। कलेक्टर डॉ. सिंह द्वारा प्रत्येक माह में तीन कार्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा समय-सीमा की बैठक सोमवार के स्थान पर प्रत्येक मंगलवार को होगी। कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि सभी पटवारियों की समीक्षा, माह के अंतिम सप्ताह में गुरूवार को शाम 4.30 बजे होगी। इसके लिए अपर कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी फार्मेट तैयार कर लें। साथ ही माह के अंतिम सप्ताह में कृषि विभाग की बुधवार, महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की मंगलवार, पंचायत विभाग की शुक्रवार शिक्षा विभाग तथा अन्य विभागों की बैठक शनिवार को होगी।
कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी नोडल अधिकारी 31 जनवरी तक सभी ग्रामों का भ्रमण करें एवं पिछले समय भ्रमण किए गए समस्याओं का निराकरा की स्थिति को देखें। इसके अलावा निराकरण न होने वाले एवं अन्य समस्याएं पाए जाने पर रिपोर्ट दें।
वीआईपी रोड की व्यवस्था सुधारने एसपी का जोर
बैठक के दौरान एसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि वीआईपी रोड, धमतरी मार्ग समेत प्रमुख मार्गों का यातायात सुधार करने के ठोस उपाय किया जाएं। एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने पर पुलिस को सूचित करें। एसपी ने कहा कि वीआईपी रोड सददानी दरबार यातायात सुधार करने के लिए ठोस उपाय करें कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने पर पुलिस को सूचित करें। असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करें।