रायपुर

ट्रांसफॉर्मर से आयल और खंभे से केबल चोरी
05-Jan-2025 3:59 PM
ट्रांसफॉर्मर से आयल और खंभे से केबल चोरी

खंबे में चढ़े व्यक्तियों से राहगीर पूछताछ करें तो पकड़े जा सकते हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जनवरी। 
हाल के दिनों में राजधानी के आउटर में  विद्युत ट्रांसफॉर्मर और अन्य सामानों की चोरी के मामले बढ़े हैं। पहले ट्रांसफॉर्मर से डीजल आयल चोरी किया गया था। और अब चोर सवा लाख का केबिल वायर पार कर गए।  धरसींवा के मंगशा श्मशान घाट के पास लगे विद्युत खंभे को क्षतिग्रस्त कर एसीएआर कंडक्टर और 2330 मीटर केबल चोरी कर लिया गया । इसकी कीमत 1.20 लाख रूपए बताया गया है । 28 दिसंबर को हुई चोरी की विद्युत कर्मी धीरेंद्र साहू ने कल रिपोर्ट दर्ज कराई । इससे पहले अक्टूबर में धरसींवा के कूरां में लगे एक 63 केवीए के ट्रांसफॉर्मर  तोडक़र उसमें भरा 1.15 लाख का आयल चोरी किया गया था। विद्युत कर्मी उपेंद्र वैष्णव ने  ने इसकी रिपोर्ट एक माह बाद नवंबर में दर्ज कराया था। उससे पहले सिमगा संजारी नवागांव, दरचूरा दामाखेड़ा में भी ट्रांसफार्मर से तेल चोरी के मामला सामने आ चुके है। 

इसके चलते ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं। बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। बताते हैं कि ट्रांसफार्मर में इस्तेमाल किया जाने वाला तेल काफी महंगा होता है।

ट्रांसफार्मर में एक बार तेल डालने का खर्च 20 हजार
100 केबी के ट्रांसफार्मर में लगभग 195 लीटर तेल आता है। ऑइल की सरकारी कीमत 95 रुपए प्रति लीटर है। इस हिसाब से एक ट्रांसफार्मर में ऑइल डालने का खर्च लगभग बीस हजार रुपए आता है।   लोग इसके लिए चोरी करते  हैं। और  तेल निकलने पर ट्रांसफार्मर का क्वाइल जल जाता है। अन्य उपकरण खराब हो जाते है। एक ट्रांसफार्मर लगभग एक लाख रुपए में खरीदा जाता है। किसानों द्वारा ट्रांसफार्मर खराबी की शिकायत पर बिजली रिपेरिंग के दौरान उसमें ऑइल नहीं होना पाया जाता है। जिन ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी करते हैं वह सभी नेशनल या राजरीय हाईवे से लगे होते हैं।चोर स्वयं को बिजली कर्मी की तरह पेश कर चोरी करते हैं । 

 


वहां से गुजरने वाले भी एकाएक संदेह नहीं कर पाते। जबकि ट्रांसफॉर्मर या खंबे में चढ़े व्यक्ति को देखते ही राहगीर रूक कर पूछताछ और आईडी कार्ड जांचे तो चोर  पकड़े जा सकते हैं । इस तरह की घटना होने पर बिजली विभाग के अधिकारी, ग्रामीण और किसान तत्काल थाने में सूचना दे सकते हैं ।
-----------------


अन्य पोस्ट