रायपुर

एक और डबल मर्डर, बेटी के साथ मां की भी हत्या
02-Jan-2025 4:29 PM
एक और डबल मर्डर, बेटी  के साथ मां की भी हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 जनवरी। बुधवार को धनेली नाले के पास मिली नाबालिग लडक़ी की लाश की गुत्थी सुलझा रही पुलिस अब डबल मर्डर में उलझ गई है। इस लडक़ी के साथ उसकी मां की भी लाश घर पर  मिली है।

अब तक की जांच के हवाले से धरसींवा पुलिस ने बताया कि धनेली गांव की मृत महिला के पति की कुछ वर्ष पहले मौत हो गई थी। उसके बाद से वह बेटी के साथ रह रही थी। उसके नाते रिश्तेदार उसी गांव में रहते हैं। लेकिन उनके बीच आना जाना मेल मिलाप नहीं था। रिश्तेदार 45 वर्षीय मां, 17वर्षीय बेटी से दूरी बनाए हुए थे। यहां तक की उसका एकमात्र पड़ोसी से ही मेल जोल था क्योंकि महिला अपना मोबाइल चार्ज करने उनके घर जाती थी। महिला के घर बिजली का कनेक्शन नहीं था। घर भी हाल में पीएम आवास योजना के तहत बना था। लडक़ी की लाश बरामद करने के बाद पतासाजी के लिए धनेली पहुंची पुलिस को उसकी शिनाख्त करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कल नाबालिग लडक़ी की लाश मिलने के बाद जांच के दौरान यह डबल मर्डर सामने आया। मां की लाश घर और बेटी की डेढ़ दो किमी दूर नाले के पास फेंक गए थे।  पुलिस का कहना है कि 31 की रात दोनों की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी गई थी।  घर पर मिली मां लाश के आसपास बड़ी मात्रा में खून और कुछ संघर्ष के निशान मिले हैं। मां की लाश औंधी पड़ी हुई थी। इस लाश पर भी उसी कंबल का एक टुकड़ा ढंका था जिसका दूसरा टुकड़ा बेटी की लाश से मिला था। बेटी के चप्पल घर पर ही मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मां की हत्या सिर फोडक़र की गई होगी। इस आधार पर धरसींवा पुलिस हत्या के नजरिए से जांच कर रही है।  पुलिस को शक है कि नाबालिग लडक़ी की कहीं और हत्या की गई। फिर शव को कंबल से ढंककर नाली में फेंक दिया गया।

 मृतका के घर को सील कर दिया गया है, और एफएसएल के साथ डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। उस रात मृतका के घर के आसपास कुछ लोगों की आवाजाही की भी जानकारी पुलिस को मिली है। इन्हें चिन्हित करने पुलिस गांव और धनेली नाले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है। इससे पहले शहर के चंगोराभाटा में भी 30 दिसंबर की रात दो युवकों की हत्या कर दी गई थी।

 


अन्य पोस्ट