रायपुर

निकायों में सभी अनुकम्पा नियुक्तियां 10 तक
01-Jan-2025 6:44 PM
निकायों में सभी अनुकम्पा नियुक्तियां 10 तक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 जनवरी। उप मुख्यमंत्री (नगरीय विकास) अरुण साव ने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सभी नगरीय निकायों को अनुकम्पा नियुक्ति की प्रक्रियाएं 10 जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।विभाग ने हाल  में 353 नए पद मंजूर किए हैं।

 श्री साव ने  निगम आयुक्तों तथा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के सीएमओ  को रोजाना वार्डों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने  प्रदेश के 12 शहरों में बनाए जा रहे नालंदा परिसर के लिए निविदा की प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र काम प्रारंभ करने को कहा। श्री साव ने अधिकारियों से कहा कि नालंदा परिसर का शानदार और आइकॉनिक निर्माण होना चाहिए।  आयुक्तों और सीएमओ  को खुद इनकी मॉनिटरिंग करने और प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

श्री साव ने  अधोसंरचना मद और 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत कार्यों के साथ ही पीएम आवास योजना (शहरी), अमृत मिशन 2.0, एसटीपी निर्माण और आकांक्षी शौचालयों के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों को रोजाना प्रात: भ्रमण कर निर्माण कार्यों, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

 

श्री साव ने समीक्षा बैठक में पीएम आवास  (शहरी) के निर्माणाधीन आवासों को आगामी मार्च  तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।

श्री साव ने नगरीय निकायों में सेट-अप के पुनरीक्षण के लिए आवश्यक जानकारी संचालनालय को भेजने को कहा। सचिव बसवराजू, संयुक्त सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, सूडा के सीईओ  शशांक पाण्डेय और  अपर संचालक  पुलक भट्टाचार्य सहित सभी संयुक्त संचालक एवं अभियंता भी समीक्षा बैठक में मौजूद थे।


अन्य पोस्ट