रायपुर
सरकार ठोस कदम उठाने वाली है-साव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जनवरी। 651 धर्मान्तरित परिवारों की सनातन धर्म में घर वापसी को लेकर अखिल भारती घर वापसी के प्रमुख प्रबल प्रताप जूदेव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उन्होंने कहा, सक्ती में पांव पखारकर 651 धर्मान्तरित परिवारों की पुन: सनातन धर्म में घर वापसी कराया गया।ईसाई मिशनरियों द्वारा कई वर्षों से सक्ती एवं आसपास के जिलों में धर्म परिवर्तन का विष फैलाया जा रहा है। धर्मान्तरण से चुनाव प्रभावित हो रहा है। पूरे क्षेत्र की डेमोग्राफी बदल रही है। यह अत्यंत गंभीर और चिंता का विषय है।
अमित जोगी को लेकर प्रबल प्रताप जूदेव ने कहा, इनके पास कोई मुद्दा नहीं है। उनकी स्थिति आप देख रहे हैं. जब वो खुद ही क्रिप्टो किश्चन है वो मेरे पर लांछन लगा रहे हैं। ये काम मेरे पिता ने तब से शुरू किया, जब भाजपा नहीं थी। पंजाब के सीएम चन्नी साहब भी हिंदू हैं, लेकिन वो कुछ और काम करते हैं. ये सभी लोग हिंदू समाज को खोखला कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध प्रदेशभर में एक बड़ा आंदोलन करूंगा. जूदेव ने कहा, दूसरी बड़ी समस्या डीलिस्टिंग की है। डीलिस्टिंग होना बहुत जरूरी है। वनवासी समाज जो कन्वर्ट हो गया है उसका आरक्षण बंद होना चाहिए। इसके लिए जशपुर से लेकर रायपुर तक पदयात्रा भी करूंगा। इस पदयात्रा को लेकर कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि बीजेपी धर्मांतरण को लेकर सिर्फ घडय़िाली आंसू बहाती है,यह वही पार्टी है,जो बड़ी बड़ी बातें करती थी। सत्ता में आने के बाद इनके शासन काल में तीन लोगों ने धर्मांतरण के आरोप में आत्महत्या की। यदि आप धर्मांतरण को लेकर गंभीर हैं तो सबसे पहले तो केंद्र को कानून बनाना चाहिए।
दूसरी ओर, डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा हमारी सरकार प्रदेश की जरूरत का काम कर रही है। धर्मांतरण बड़ी चिंता का विषय है। इस पर ठोस कदम उठाने वाली है।