रायपुर

बीएड शिक्षकों ने डेढ़ घंटे से अधिक घेरा, माता पिता के साथ धरने पर बैठे
01-Jan-2025 2:49 PM
बीएड शिक्षकों ने डेढ़ घंटे से अधिक घेरा, माता पिता के साथ धरने पर बैठे

टर्मिनेशन लेटर के साथ लाश जाएगी कहते हुए ठाकरे परिसर से निकले शिक्षक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जनवरी।
बीते 13 दिनों से राजधानी में प्रदर्शरत हजारों  बीएड सहायक शिक्षक आज सडक़ पर उतर आए। सभी शिक्षक भाजपा प्रदेश कार्यालय ठाकरे परिसर पहुंचे और अपने मांगों को लेकर प्रदर्शन और लगातार नारेबाजी के साथ गेट पर धरने पर बैठ गए हैं। यहां उनके साथ परिजन भी पहुंचे। बच्चों को नौकरी से  निकाले जाने से आक्रोश जताते हुए वृद्ध माता पिता रूंधे गले से बहाली की गुहार लगा रहे हैं। 

सरकार से काम न होता देख ये हजारों शिक्षक संगठन मुख्यालय पहुंचे। एकाएक सैकड़ों शिक्षकों की भीड़ देख ठाकरे परिसर के गेट बंद कर  बाहर ही रोक दिया गया। जब उन्हें गेट के बाहर रोका गया तो सहायक शिक्षक नाराज हो गए और गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान सभी शिक्षक हंगामा करने लगे। इस दौरान गेट का ताला तोडऩे की भी कोशिश की।
 फिर महामंत्री संगठन पवन साय, महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कुछ लोगों से चर्चा कर पूरी बात सुनी। लेकिन वे कुछ नहीं कर सकते थे। केवल आश्वासन ही दे पाए। इसके बाद सभी शिक्षक गेट पर धरने पर बैठ गए। इन शिक्षकों ने बताया कि महामंत्री श्रीवास्तव का लहजा बहुत आपत्तिजनक था। वे यह कहते रहे, यह धरना स्थल नहीं है यहां से हट जाएं। यह पार्टी दफ्तर में प्रदर्शन उचित नहीं। इसके बाद ही वहां पुलिस बल बसों के साथ बुलाया गया, और सभी शिक्षकों को वहां से हटाया गया। इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग भी किया। शिक्षकों को उठाकर बसों में ठुसा गया। इसमें कल से भुखे कुछ शिक्षक बेहोश भी हुए। 

न्यूज चैनलों से इन शिक्षकों ने यह कहते हुए प्रदर्शन खत्म किया अब टर्मिनेशन लेटर के साथ उनकी लाश ही घर जाएगी। कई शिक्षक-शिक्षिकाएं रोते बिलखते रहे। ये 2500 से अधिक शिक्षक, स्कूल शिक्षा विभाग में ही किसी भी पद पर समायोजन की मांग कर रहे है। इस पर डिप्टी सीएम अरूण साव ने कल ही कहा था कि सरकार उनकी मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है। जल्द कोई निर्णय लिया जाएगा । और उसके बाद कल शाम को विभाग ने सभी के टर्मिनेशन आदेश जारी कर दिए। इससे आक्रोशित शिक्षक आज सडक़ पर उतर आए। इससे पहले वे बीते 12 दिनों से पदयात्रा  तूता में धरना,भूख हड़ताल, मुंडन जल सत्याग्रह जैसे प्रदर्शन कर चुके हैं। 

कल बीएड शिक्षकों की नौकरी में बहाली की मांग का कांग्रेस और आप पार्टी ने समर्थन किया है। आप के कर्मचारी प्रकोष्ठ के संयोजक विजय कुमार झा ने मंगलवार को आज तूता जाकर प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की तानाशाही कहते हुए समायोजन करने की मांग की।

उनके साथ  महासचिव रघुराज सिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष पुनारद निषाद एवं जिला कोषाध्यक्ष शिव शर्मा, सहित प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर मांगों का समर्थन किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार बीएड धारी शिक्षकों को नौकरी से निकालने के बजाय शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति दे। न्यायालय का फैसला डीएड धारी शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर है। वैसे भी प्रदेश में 70000 से अधिक शिक्षकों का पद रिक्त है सरकार ने 33000 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा किया था उस दिशा में अभी तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुआ है प्रदेश के बच्चे बिना शिक्षक पढ़ाई कैसे करेंगे? ठाकुर ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले इन 2897 शिक्षकों को समान वेतन पर शिक्षा विभाग में समायोजित करें।

विभाग का आदेश
इधर डीपीआई के उपसंचालक ने सभी डीईओ बस्तर, सरगुजा के सभी डीईओ को आदेश जारी कर इन शिक्षकों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने, और दावा आपत्ति के लिए 7 दिन का अवसर दिया है। इसके साथ ही इन शिक्षकों के स्थान पर व्यापमं द्वारा जारी मेरिट सूची और आरक्षण रोस्टर का पालन करते हुए डीएड अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया प्रारंभ करने कहा है। 


अन्य पोस्ट