रायपुर
जनवरी से अब तक प्रदूषण मंडल की बड़ी कार्रवाई
रायपुर, 30 दिसंबर। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर क्षेत्र ने जनवरी से अक्टूबर तक 61 उल्लंघनकारी उद्योगों को नोटिस जारी किया है। इनमें से 49 उद्योगों में समाधानकारक कार्यवाही की है। 6 उद्योगों में आवश्यक सुधार नहीं किये जाने के कारण उत्पादन बंद करने के साथ ही बिजली भी काटी गई। तथा 06 उद्योग नोटिस में अपेक्षित कार्यवाही निगरानी में है। इसी अवधि में 43 उद्योगों के विरूद्ध नियमों का पालन नहीं किये जाने के कारण लगभग 47,01,813 रूपये पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की राशि अधिरोपित की गई है। इसी अनुक्रम में ठोस अपशिष्टों - स्लैग, ई.एस.पी. डस्ट, बैग फिल्टर डस्ट, फ्लाई ऐश, एकेशन आदि एवं रॉ मटेरियल्स, फिनिश्ड प्रोडक्ट्स आदि का बिना कवर्ड परिवहन किये जाने अथवा कवरिंग मानकों का अनुपालन नहीं करने वाले 22 परिवहनकर्ता उद्योगों / संस्थानों पर भी लगभग 4,26,875 रूपये पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की राशि अधिरोपित की गई है। समग्र रूप से उद्योगों से प्रदूषण की स्थिति पर मंडल द्वारा सतत् निगरानी रखी जा रही है। उद्योगों से पर्यावरण संबंधी नियमों का उल्लंघन एवं प्रदूषण की स्थिति पाये जाने पर उल्लंघनकारी उद्योगों के विरूद्ध विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।