रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/महासमुंद, 28 दिसंबर। महासमुंद से सिरपुर रोड पर स्थित करणीकृपा प्लांट के प्रदूषण से न सिर्फ आसपास के गांवों की फसल को नुकसान हुआ है, बल्कि ऐतिहासिक महत्व सिरपुर के पुरातात्विक धरोहर के खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। खास बात यह है कि सिरपुर को विश्व धरोहर में शामिल करने के लिए यूनेस्को को प्रस्ताव भेजा गया है। बताया गया कि सांसद रूपकुमारी चौधरी प्लांट की वजह से प्रदूषण, और नियम विरूद्ध जमीन लेने के मामले पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाए हुए हैं।
करणीकृपा पॉवर प्लांट खैरझिटी में स्थापित है। इस स्टील और पॉवर प्लांट के खिलाफ आस-पास के ग्रामीण आंदोलित है। अब पुरातात्विक स्थल सिरपुर के प्रदूषण की वजह से खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। खास बात यह है कि भूपेश सरकार ने सिरपुर और आस-पास के इलाकों के विकास और संरक्षण के लिए सिरपुर विकास प्राधिकरण का गठन किया था। उक्त प्लांट प्राधिकरण एरिया में ही स्थापित है। ऐसे में सिरपुर के पुरातात्विक धरोहर के खराब होने का खतरा पैदा हो गया है।
एरियल सर्वे में प्लांट, सिरपुर से कुल 13 किलोमीटर दूरी पर ही है। प्लांट ेक चलते प्रदूषण से न सिर्फ सिरपुर बल्कि पुरातात्विकविद भी चिंता जता रहे हैं। संस्कृति एवं पुरातत्व संचालक विवेक आचार्य ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि प्लांट की स्थापना से पहले पुरातत्व विभाग से किसी तरह की अनुमति ली गई है, इसकी जानकारी नहीं है।
दूसरी तरफ, महासमुंद से सिरपुर मार्ग पर खैरझिटी को मिलाकर दस गांवों की जमीन पर करणीकृपा स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड के नाम से 12 नवंबर 2020 को एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी स्थापित है। जिसका दफ्तर रायपुर के वालफोर्ट सिटी में है। यह कंपनी मुख्य रूप से अन्य लौह और इस्पात कास्टिंग और उसके उत्पादों के विनिर्माण में लगी हुई है।
कंपनी ने आदिवासी किसानों की जमीन खरीदी है जिसको लेकर विवाद चल रहा है। बड़ी संख्या में किसान प्लांट का विरोध करते हुए धरने पर बैठे हुए हैं।कंपनी ने करीब 5 एकड़ सरकारी जमीन को भी कब्जा कर लिया है।
इन सभी बातों को दरकिनार करते हुए बाम्बे कोलकाता हाईवे में स्थित गांव खैरझिटी, कौंवाझर, मालीडीह के कृषि भूमि, वन भूमि, गरीबों का काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि में गैर कानूनी ढंग से करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट का काम काम जारीहै। इसके विरोध में 25 फरवरी 2022 से किसान छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले अखण्ड सत्याग्रह कर रहे हैं।
यह भारत का सबसे ज्यादा दिनों तक चलने वाला सत्याग्रह है अब तक सत्याग्रह स्थल पर न तो को कलेक्टर गया, न जन नेता गये। सत्याग्रहियों ने पैदल मार्च किया, रैलियां निकाली लेकिन इनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।