रायपुर

एयरपोर्ट पर वेटिंग 10 मिनट, पार्किंग दरों में कमी लाने सांसद के निर्देश
27-Dec-2024 3:43 PM
एयरपोर्ट पर वेटिंग 10 मिनट, पार्किंग दरों में कमी लाने सांसद के निर्देश

  • जल्द ही इन-लाइन बैगेज हैंडलिंग सिस्टम 
  • आउटबाउंड कार्गो सुविधा अगले तिमाही में 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 दिसंबर। 
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को यात्रियों के लिए बेहतर बनाने हेतु गुरुवार को एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता कर रहे सांसद  बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने जल्द से जल्द इमिग्रेशन, कस्टम और कार्गो ऑफिस शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं प्रारंभ की जा सकें।  

सांसद ने रायपुर से अंबिकापुर पटना, प्रयागराज, बनारस, और रांची जयपुर, पुणे, पटना, रांची, और चंडीगढ़ के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने बात कही। उन्होंने रायपुर-हैदराबाद उड़ान को वाया जगदलपुर संचालित करने के निर्देश भी दिए। 

बैठक में एयरपोर्ट पार्किंग की दरों, वेटिंग टाइम और पार्किंग कर्मियों के व्यवहार पर भी चर्चा की गई। श्री अग्रवाल ने वेटिंग टाइम को 10 मिनट करने और पार्किंग दरों में कमी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ मिलकर इन मुद्दों पर समाधान निकालने के लिए कहा।  एयरपोर्ट निदेशक डॉ. एस.डी. शर्मा ने बताया कि जल्द ही इन-लाइन बैगेज हैंडलिंग सिस्टम को चालू किया जाएगा, जिससे पंजीकृत सामान की स्क्रीनिंग में सुविधा होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आउटबाउंड कार्गो सुविधा अगले तिमाही में पुन: शुरू की जाएगी। भीड़  कम करने  टर्मिनल बिल्डिंग के सामने तीन नई लेन और दो अतिरिक्त एग्जिट चेक प्वाइंट बनाए जाएंगे।  

बैठक में विधायक  मोतीलाल साहू, कलेक्टर  गौरव कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, निगम कमिश्नर  अविनाश मिश्रा, एयरलाइंस प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट