रायपुर

मंडलों में ढेरो विवादों के बीच जिलाध्यक्ष के लिए बैठक
27-Dec-2024 3:43 PM
मंडलों में ढेरो विवादों के बीच जिलाध्यक्ष के लिए बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 दिसंबर।
प्रदेश भाजपा में 50 मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर हो रहे विरोध हाथापाई के बीच प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन सुबह रायपुर पहुंचने के बाद  ठाकरे परिसर में इसकी समीक्षा बैठक कर रहे है। इसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक सांसद खरगौन - बड़वानी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, महामंत्री अजय जामवाल, पवन साय  प्रदेश चुनाव अधिकारी प्रभारी खूबचंद पारख व जिला चुनाव अधिकारी  उपस्थिति है। इसमें जिला अध्यक्ष नियुक्त पर भी रायशुमारी होगी।

आज ही विरोध के विवाद सुलझाने बनी अपील समिति की भी बैठक होनी है। नितिन नबीन ने एयरपोर्ट में मीडिया से चर्चा में इन विवादों में कहा कि बीजेपी सभी को मौका देती है। इसी प्रक्रिया में सभी मंडल अध्यक्ष चुने जा रहे हैं।  अब जिलाध्यक्षों की निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होगी। 

उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस जिसके घर में इतने छेद हैं वो हमारे संगठन की चिंता कर रहे हैं। इससे साबित होता है भाजपा बड़े जनाधार वाली पार्टी है। यहां का हर कार्यकर्ता अध्यक्ष बनना चाहता है। 

क्योंकि भाजपा में ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत बूथ से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव होते हैं। उन्होंने कहा कई पार्टियों में एक ही परिवार के लोग नेतृत्व करते आ रहे हैं, लेकिन भाजपा में सभी को अपनी अपेक्षा व्यक्त करने का मौका मिलता है। 

दूसरी ओर, प्रदेश चुनाव अधिकारी खूबचंद पारख ने कहा कि अलग-अलग कारणों से 50 मंडल अध्यक्षों की भी नियुक्ति रोकी गई है। उन्होंने कहा जिलाध्यक्षों की नियुक्ति में सभी जाति वर्ग का समावेश होगा। महिलाओं को भी जिलाध्यक्ष बनने का मौका मिलेगा। जो नाम आएंगे उनमें से तीन नामों का पैनल भेजा जाएगा। 
 


अन्य पोस्ट