रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 दिसंबर। शहर के कचहरी चौक स्थित माता सुंदरी पब्लिक स्कूल में वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्पीकर रमन सिंह शामिल हुए। साथ ही इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कृत किया। डॉ. सिंह ने साहेबजादो के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनकी वीरता आने वाले पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत रहेगी। इस मौके पर पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत शहर के सभी विधायक मौजूद थे। वीर बालक दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान को याद किया। साय ने कहा कि 26 दिसम्बर को हम सभी वीर बाल दिवस मना रहे हैं, जो हमारे लिए गर्व और प्रेरणा का दिन है। इस दिन सिख पंथ के दसवें गुरु श्री गुरू गोबिंद सिंह जी के साहिबजादे, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। मैं उनकी शहादत को शत शत नमन करता हूं।
प्रधानमंत्री श्री मोदी की घोषणानुसार यह आयोजन हमें उनके साहस और वीरता को याद करने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर देता है। गुरू गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों ने कभी अन्याय के सामने सिर नहीं झुकाया और अपनी संस्कृति, धर्म और देश के रक्षा के लिए जीवन का त्याग दिया। छोटी सी उम्र में साहिबजादों ने देश के लिए शहादत की जो प्रेरणा सबके समक्ष रखी, वो आदर्श हमेशा प्रकाश स्तंभ की तरह हमें राह दिखाएंगे।