रायपुर
ऑटोमोबाइल सेक्टर में ग्रोथ का दावा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 दिसंबर। छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लगातार मजबूत बना रही हैं इससे राज्य के लोगों की क्रय शक्ति में वृद्धि हुई है, इसका असर आटोमोबाइल सेक्टर में देखने को मिल रहा है जहां छत्तीसगढ़ ने देश के बड़े राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है।
छत्तीसगढ़ में 1 जनवरी से 30 नवम्बर की स्थिति में 6 लाख 69 हजार 285 वाहन खरीदे गए हैं। वर्ष 2023 के मुकाबले इसी दौरान देश के 35 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुकाबले छत्तीसगढ़ का ऑटोमोबाइल सेक्टर में ग्रोथ रेट सबसे ज्यादा 18.57 प्रतिशत है। ग्रोथ रेट में छत्तीसगढ़, दिल्ली 1.10, उत्तरप्रदेश 1.80, मध्यप्रदेश 4.35, बिहार 2.40 और राजस्थान 2.57 जैसे राज्यों से भी आगे है।
छत्तीसगढ़ के किसानों, महिलाओं, जनजातीय समूहों के लिए साय सरकार की योजनाएं वरदान बनकर आई हैं। सरकार ने किसानों को 2 साल का बकाया धान बोनस देने की मोदी जी की गारंटी को पूरा करते हुए सुशासन दिवस पर 13 लाख किसानों के बैंक खातों में 3716 करोड़ रुपए की बोनस राशि अंतरित की। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत साय सरकार ने प्रदेश के 24 लाख 75 हजार किसानों को धान के मूल्य की अंतर राशि के रूप में 13 हजार 320 करोड़ रूपए एकमुश्त भुगतान किया है।
इसी तरह 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी भी जारी है, जिसने छत्तीसगढ़ के किसान परिवारों को पैसों की चिंता से मुक्त कर दिया है। जनजातीय समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए साय सरकार उन्हें छत्तीसगढ़ के हरे सोने अर्थात तेंदू पत्ता का समर्थन मूल्य 4000 प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 5500 रूपए प्रति मानक बोरा कर दिया है। महतारी वंदन योजना में 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए मिल रहे हैं। अभी तक इस योजना में हितग्राहियों को 6 हजार 5 सौ 30 करोड़ रूपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।