रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 दिसम्बर। निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने 15 वें वित्त आयोग मद के अंतर्गत जारी सडक़ डामरीकरण के नए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उनके साथ सीई यू. के. धलेन्द्र, ईई अंशुल शर्मा भी रहे ।
मिश्रा ने नगर घड़ी के सामने एवं निगम मुख्यालय के बाजू में हो रहे डामरीकरण को देखा।आयुक्त ने कार्य को सतत मॉनिटरिंग कर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। निगम रायपुर ने लोगों से अपील की कि नए सडक़ डामरीकरण कार्य वाले मार्गो में अपनी कार, बाइक, गाड़ी आदि ना धोयें। ऐसा करने पर सडक़ डामरीकरण कार्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है, आयुक्त ने चौबे कॉलोनी के करबला तालाब के किनारे प्रस्तावित गार्डन के विकास एवं सौंदर्यीकरण योजना स्थल को देखा। इसके लिए निगम निविदा बुलवाई है। दूसरी ओर निगम मुख्यालय से लगी छोटापारा सडक़ सोमवार को ही डामरीकृत हुई थी और दूसरे ही दिन पाइप लाइन मरम्मत के नाम पर एक बड़ा गड्ढा खोद दिया गया।