रायपुर

समाज को आगे लाने एकजुट होना जरूरी-नेहरु राम निषाद
23-Dec-2024 7:40 PM
समाज को आगे लाने एकजुट होना जरूरी-नेहरु राम निषाद

निषाद समाज रायपुर का वार्षिक सम्मेलन व सम्मान समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 दिसंबर। रविवार को छत्तीसगढ़ निषाद समाज जिला संगठन, रायपुर का वार्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह समोदा में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरु राम निषाद उपस्थित रहे। अध्यक्षता रायपुर निषाद समाज के अध्यक्ष बालाराम निषाद ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश निषाद समाज महासचिव मनोहर लाल निषाद, प्रदेश निषाद समाज के उपाध्यक्ष हरिशंकर निषाद, नगर पंचायत बीरगांव सभापति कृपाराम निषाद, महामंत्री भाजपा समोदा मंडल पीलाराम निषाद, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनीषा निषाद उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एक जोड़े का आदर्श विवाह हुआ। अतिथियों ने उन्हें आशीर्वाद दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी हुई। वार्षिक सम्मेलन के साथ-साथ प्रतिभा सम्मान के रूप में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 75 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। तीस बच्चों को सम्मानित किया गया।

अध्यक्ष नेहरु राम निषाद ने समाज के लोगों को संबोधित करते हुए एकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि निषाद समाज के प्रति पहले जो धारणाएं थीं, वह आज टूट रही है। आज इसी मंच से हमने विधायक पैदा किया है, इसी मंच से हमने मछुआ कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष पैदा किया है, और इसी मंच से छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का एक कार्यकर्ता पैदा किया है, वह सब आपकी ताकत है। समाज में जितनी भी प्रतिभाएं हैं, उनका चयन करना, आगे बढ़ाना, सहयोग करना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। तभी समाज आगे बढ़ेगा। उन्होंने समोदा में निषाद समाज के भवन के लिए 50 लाख की मंजूरी के लिए स्वीकृत करने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।

प्रदेश निषाद समाज महासचिव मनोहर लाल निषाद ने प्रदेश निषाद समाज के वर्तमान कार्यकाल के उपलब्धियों की जानकारी दी। अंत में सचिव रामप्यारे निषाद ने जिला संगठन की वार्षिक आय-व्यय का ब्यौरा दिया।

इस अवसर पर  निषाद समाज रायपुर कोषाध्यक्ष भैयाराम निषाद समेत जिला के सभी पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ निषाद समाज रायपुर महानगर  अध्यक्ष  बसंत निषाद, सचिव मुकेश निषाद, प्रदेश युवा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष व जिला मीडिया प्रभारी पुनारद निषाद,  निषाद समाज रायपुर महानगर की सक्रिय सदस्य व जिला पदाधिकारी मीना निषाद, जयंती निषाद, नमिता, तिलेश्वरी, टेनिस, सौम्या, सुमन निषाद आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट