रायपुर
बीरगांव के दो मंडलों में विवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 दिसंबर। शहर जिला भाजपा के 20 में से 18 मंडल अध्यक्षों के नाम तय कर लिए गए हैं। अगले दो दिन के भीतर सभी मंडलों में बैठक होगी। मंडल के चुनाव अधिकारी अपने -अपने मंडल की बैठक लेकर वहां अध्यक्ष के नाम का लिफाफा खोलेंगे। बताया गया कि जिले के चुनाव अधिकारी शिवरतन शर्मा ने शनिवार को सभी मंडल के चुनाव अधिकारियों की बैठक ली थी।
बैठक में सभी मंडल चुनाव अधिकारियों को उनके मंडल के अध्यक्ष का नाम बंद लिफाफे में दे दिए गए। सिर्फ बीरगांव के दो मंडल अध्यक्षों के नाम रोके गए हैं। यहां घोषणा बाद में की जाएगी। खास बात यह है कि सभी मंडल अध्यक्ष 35 से 45 वर्ष के बीच की उम्र के हैं। और सभी नए हैं। रायपुर पश्चिम में पूर्व मंत्री राजेश मूणत और दक्षिण में सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पसंद को महत्व दिया गया है। उत्तर में दो मंडलों में पुरन्दर मिश्रा और दो मंडल में बाकी नेताओं की पसंद को तवज्जों मिलने की खबर है।
सूत्रों के मुताबिक मंडल अध्यक्षों के लिए आयु सीमा निर्धारित है, और इसमें किसी भी तरह का समझौता नहीं किया गया है। सक्रिय सदस्य बनने के दौरान जो भी जानकारी दी गई थी उससे मिलान किया है। कुरूद इलाके के दो मंडल अध्यक्षों को नियुक्ति के बाद सिर्फ इसलिए हटा दिया गया कि उनकी उम्र 45 वर्ष से अधिक थी। धमतरी जिले के चुनाव अधिकारी खूबचंद पारख ने यह कार्रवाई की। रायपुर में भी चुनाव अधिकारी शिवरतन शर्मा ने इसको लेकर सख्त हिदायत दी है। बीरगांव के दो मंडलों में अध्यक्ष को लेकर स्थानीय नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पाई है। दोनों जगह तीन-तीन नाम का पैनल बनाया गया है, इस पर निर्णय बाद में होने की संभावना है।