रायपुर

कांग्रेस के आधा दर्जन नए जिलाध्यक्ष इसी माह
21-Dec-2024 5:50 PM
कांग्रेस के आधा दर्जन नए जिलाध्यक्ष इसी माह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 दिसंबर। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस संगठन में बदलाव किया जा रहा है। इस कड़ी में इस माह के आखिरी तक आधा दर्जन से अधिक जिलाध्यक्षों को बदला जा सकता है।

प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि संगठन में बदलाव की प्रक्रिया इस माह के आखिरी तक पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव को देखते हुए बदलाव किया जा रहा है।

बताया गया कि प्रदेश महामंत्री, संयुक्त महामंत्री, और कार्यकाल पूरी कर चुके जिलाध्यक्षों की जगह नई नियुक्ति का प्रस्ताव है। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी प्रमुख नेताओं से इस सिलसिले में चर्चा कर सूची भी तैयार कर ली है, और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट को दे दिया है।

पार्टी ने निष्कासित, और निलंबित नेताओं की वापिसी के लिए समिति बनाई है। समिति की पहली बैठक 27 तारीख को होगी। इस बैठक में कांग्रेस प्रवेश के इच्छुक नेताओं के आवेदनों पर विचार किया जाएगा। साथ ही साथ जनता कांग्रेस के कांग्रेस में विलय प्रस्ताव पर भी फैसला होगा। कमेटी में बैज के अलावा नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत, और दोनों पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू व मोहन मरकाम सदस्य हैं।

हालांकि जनता कांग्रेस के कांग्रेस में विलय के प्रस्ताव से पार्टी का एक खेमा संतुष्ट नहीं है। जनता कांग्रेस का कांग्रेस में विलय न हो, इसके लिए अपनी आपत्ति हाईकमान के सामने दर्ज करा दी है। फिर भी 27 तारीख को बैठक में समिति हाईकमान पर फैसला छोड़ सकती है। इसके अलावा पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह ने भी कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा जताई है, जिसका पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस.सिंहदेव विरोध कर रहे हैं। बहरहाल, इस माह के आखिरी तक सभी लंबित विषयों पर फैसला हो सकता है।

घेराव 23 को

प्रदेश कांग्रेस ने  सोमवार को मुख्यमंत्री निवास घेराव की घोषणा की है।  23 दिसम्बर को प्रात: 11 बजे,गांधी मैदान, रायपुर से  निकल कर मुख्यमंत्री निवास घेराव किया जाएगा।


अन्य पोस्ट