रायपुर
ई आफिस के लिए नोडल अधिकारी, एडमिन 31 तक बनेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 दिसंबर। नए वर्ष से छत्तीसगढ़़ राज्य अपने गठन के 25 वें वर्ष में प्रवेश करेगा। इस मौके पर राज्य मंत्रालय सरकारी कामकाज के नए दौर में प्रवेश करेगा । मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने आज सभी विभागों को पत्र भेजकर 1 जनवरी से पहले मंत्रालयों के समस्त विभागों में ई-ऑफिस का क्रियान्वयन किये जाने का लक्ष्य रखा है। और अगले चरण में समस्त विभागाध्यक्ष/कार्यालय में भी ई-आफिस के कियान्वयन किये जाने का निर्णय लिया गया है।
ई-ऑफिस हेतु नाम आधारित (Name based) शासकीय ई-मेल आईडी की अनिवार्यता रहेगी। शासकीय ई-मेल बनाने और प्रबंधन हेतु विभागों के लिए अलग से डेलिगेटेड एडमिनिस्ट्रेटर (डीए एडमिन ) एकाउंट बनाया जा सकेगा। जो कि विभाग अंतर्गत समस्त शासकीय अधिकारी/कर्मचारी के लिए .GOV/.NIC Domain में ई-मेल आईडी अनुमोदन का कार्य करेंगे। इसके लिए विभाग से एक वरिष्ठ अधिकारी को डीए एडमिन नामांकित करना होगा। इनके साथ ही प्रत्येक विभाग / कार्यालय से एक वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी नामांकित किए जाएंगे, जो ई-ऑफिस के संगठनात्मक चार्ट (Organogram), Employee Management Data (EMD) और Personal Information Management Systems (PIMS) के प्रबंधन तथा समन्वय का कार्य करेंगे।
ई-ऑफिस के क्रियान्वयन हेतु तकनीकी रूप से दक्ष दो या अधिक प्रोग्रामर अथवा अधिकारी / कर्मचारी को नामांकित किया जाएगा, जो कि ई-ऑफिस के कियान्वयन में मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य करेंगे। इनके नाम 31 दिसंबर 24 तक जीएडी को अनिवार्यत: उपलब्ध कराए जाएंगे।
विभागाध्यक्ष, संभागायुक्त, कलेक्टर एवं अन्य मैदानी कार्यालय से शासन को भेजे जाने वाले पत्र/दस्तावेज में पेपर एवं डाक के व्यय के साथ-साथ गंतव्य कार्यालय पहुंचने में अनावश्यक विलम्ब होता है। अत: संसाधन तथा समय की बचत हेतु भविष्य में पत्र/डाक/दस्तावेज डिजिटल फार्मेट में ई-मेल और फाईल ई-ऑफिस के माध्यम से प्रेषित किया जाए तो संसाधनों की बचत होगी, साथ ही पारदर्शिता के साथ त्वरित गति से कार्य किया जा सकेगा। ई-ऑफिस लागू करने की प्रकिया में तेजी लाए और यथा संभव 01 अप्रैल 2025 तक समस्त फाईल ई-ऑफिस के माध्यम से निराकरण किए जाएं।
ई-ऑफिस के क्रियान्वयन के लिए अविनाश चम्पावत, सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग शैलाभ साहू, उप सचिव, सा.प्र.वि. से संपर्क किया जा सकता है।