रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 दिसंबर। अपने खिलाफ हुई एफआईआर को लेकर कांग्रेस विधायक उत्तरी जांगड़े रो पड़ी। उन पर यह मामला भडक़ाऊ भाषण देने को लेकर दर्ज किया गया है।
दो दिन पहले ही उत्तरी जांगड़े ने यह भाषण दिया था। भाजपा की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली थाने में कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, कांग्रेस विधायक उत्तरी जांगड़े रो पड़ी। कांगे्रस की महिला विधायकों ने उत्तरी जांगड़े के आसू पोछे। उत्तरी जांगड़े ने कहा कि, मैं दलित विधायक हूं इसलिए परेशान कर रहे हैं। पहले मेरे पति और फिर मुझ पर रिपोर्ट की गई है।
बता दें कि, 12 दिसंबर को रानी लक्ष्मीबाई व्यवसायिक परिसर सारंगढ़ में कांग्रेसियों ने एक दिवसीय प्रदर्शन का आयोजन किया था।
इस दौरान कांग्रेस विधायक उत्तरी जांगड़े अपने भाषण के दौरान मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उकसाते हुए कहा था कि, यहां से हम सब को कलेक्टर कार्यालय जाना है और कलेक्टर कार्यालय के बाहर से नहीं आना है बल्कि अंदर जाकर तोडफ़ोड़ करना है और बलौदाबाजार की घटना को आप सब जानते ही हो, बलौदाबाजार जैसी स्थिति निर्मित करनी है।