रायपुर

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर आधा दर्जन से अधिक बेरोजगारों से 12 लाख ठगने वाले दो बंदी
20-Dec-2024 3:30 PM
फर्जी नियुक्ति पत्र देकर आधा दर्जन से अधिक  बेरोजगारों से 12 लाख ठगने वाले दो बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 दिसंबर।
अलग-अलग विभाग में नौकरी लगाने का झांसा देकर आधा दर्जन से अधिक बेरोजगारों से लाखों रूपए वसूलने वाली नर्सिंग  छात्रा और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया । 

दोनों स्वयं की बड़े अधिकारियों से पहचान होना बताकर बेरोजगारों को झांसे में लेते थे। इसमें शामिल कुसुम यादव नर्सिंग की पढ़ाई पश्चात् अम्बेडकर अस्पताल रायपुर में इंटर्नशिप कर रही थी। और स्वयं को अस्पताल में स्टॉफ नर्स बताती थी। जिससे बेरोजगार उस पर आसानी से भरोसा कर लेते थे। और बेरोजगारों से रकम प्राप्त कर उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र देते थे। इन दोनों ने आधा दर्जन से अधिक बेरोजगारों से लगभग 12 लाख रूपए ठगे थे।  इनसे 1 लैपटॉप, 2 मोबाईल फोन एवं फर्जी नियुक्त पत्र जब्त किए गए। पंडरी पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 471, 34 भादवि. का अपराध दर्ज किया है। 

मोनिका मिर्धा ने कल ही थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराया थी। वह मूलत: ग्राम सांकरा महासमुंद की निवासी है। और वर्तमान में मौली पारा, ताज चौक तेलीबांधा रायपुर में रहती है। जनवरी से अप्रैल 2024 तक दुबे कॉलोनी मोवा रायपुर में किराए के मकान में रहती थी। इसी दौरान जनवरी 2024 में उसकी पहचान कुसुम यादव से हुई थी, जो स्वयं को डॉ. बी.आर. अम्बेडकर अस्पताल रायपुर में स्टॉफ नर्स के पद पर कार्यरत होना बतायी थी। 

कुसुम यादव ने अपने परिचित हरीश पटेल के माध्यम से मोनिका की सरकारी नौकरी जिला रायगढ़ के पुसौर में स्टॉफ नर्स के पद पर लगवाने का आश्वासन दिया तथा नौकरी लगवाने के नाम पर 2 लाख 50 हजार रूपए की मांग की थी इस पर प्रार्थिया उनके झांसे में आकर अलग- अलग तिथियों में हरीश पटेल के खाता में कुल 1 लाख 25 हजार ट्रांसफर कर दी तथा शेष रकम नौकरी लग जाने के बाद देने की बात तय हुई। 30 मार्च 2024 को कुसुम यादव मोनिका को नियुक्ति प्रमाण पत्र दी। जो कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी जिला बलौदाबाजार भाटापारा के कार्यालय से जारी हुआ था, जिसमें 29 मई को ज्वाइन होना था। प्रार्थिया उक्त नियुक्ती प्रमाण पत्र को लेकर कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी विभाग जिला बलौदाबाजार भाटापारा जाकर नियुक्ती प्रमाण पत्र को दिखाई, जिस पर नियुक्ति पत्र फर्जी होना पाया गया। मोनिका ने कुसुम यादव एवं हरीश पटेल को यह जानकारी देकर अपने पैसे वापस मांगने पर दोनों प्रार्थिया को पैसा वापस करने का आश्वाासन देते रहे, किंतु पैसा वापस नहीं दिए। 

इसी प्रकार कुसुम यादव एवं हरीश पटेल ने पिंकी पटेल, सुनीता पटेल निवासी दुर्गापाली सराईपाली, मनीष सिन्हा, श्रद्धाजंली प्रजापति एवं गिरजा साहू नामक व्यक्तियों को भी अलग -अलग विभागों में शासकीय नौकरी लगाने का झांसा दे लाखों रूपये  वसूले थे। इस रिपोर्ट पर पड़ताल के दौरान हरीश पटेल एवं कुसुम यादव को गिरफ्तार किया गया। 


अन्य पोस्ट