रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 दिसंबर। ऑनलाइन आवेदन पर एजेंसी दिलाने, नौकरी लगाने के नाम पर एक युवक और युवती से लाखों रूपए ठगी कर लिए। पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं।
टाटीबंध निवासी सौरभ अग्रवाल (20) ने कल रात आमानाका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक 6 दिसंबर की दोपहर सौरभ ने बीवायड़ी का शो रूम के लिए आनलाइन आवेदन सबमिट किया था। इस पर 903810064 से एक अज्ञात ने कॉल बैक कर सौरभ के सलेक्ट होने की सूचना दी। और सिक्योरिटी डिपाजिट के नाम पर सौरभ से 5.90 लाख रूपए एक अन्य नंबर के खाते पर आनलाइन ट्रांसफर करा लिए। आमानाका पुलिस ने धारा 318 का अपराध दर्ज कर साइबर सेल की मदद से पड़ताल शुरू कर दी है।
इधर ताजनगर तेलीबांधी निवासी मोनिका मिर्धा ने कल देर रात मोवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक दुबे कालोनी निवासी सुकुश यादव, हरीश पटेल ने मोनिका को स्टाफ नर्स की नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 1.25 लाख रूपए वसूले। यह वसूली 5 जनवरी से 12 अप्रैल 24 के दौरान की। फर्जी नियुक्ति पत्र का खुलासा होने के बाद से दोनों मोनिका को रकम वापस नहीं कर रहे थे। इस पर मोनिका ने कल रात मोवा थाने में धारा 420,467,471,478,34 के तहत अपराध दर्ज कराया।