रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 दिसंबर। मंगलवार को राष्ट्रीय पेंशनर दिवस पर जे एन पाण्डे स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि - वीरेन्द्र नामदेव, अध्यक्षता - आर पी शर्मा, प्रांताध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ रहे। इसमें बड़ी संख्या में वृद्ध पेंशनर्स शामिल हुए। इनका सम्मान भी किया गया। श्री नामदेव ने इस मौके पर कहा कि इंडियन पेंशन एक्ट 1871 के द्वारा अंतिम रूप दिया गया। कभी कभी मुद्रा स्फीति के प्रभाव को बेअसर करने के लिए पेंशन में वृध्दि एक मुआवजा के रूप में दी जाती थी । लेकिन 1 जनवरी 1922 से प्रभावी होने वाले इस नियम को मौलिक नियमो में शामिल नहीं किया गया जिससे यह अपना असली रूप नहीं ले सका और न ही इसका सही लाभ मिल सका।
रक्षा मंत्रालय में वितीय सलाहकार डी एस नकारा सितम्बर 1972 में रिटायर हुए, उन्हें भी अन्य पेंशनरधारियों की तरह पेंशन प्राप्त करने की समस्या का सामना करना पड़ा और इसलिए उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की । एक लंबी कानूनी लड़ाई के बाद 17 दिसम्बर 1982 को न्याय मूर्ति यशवन्त चंद्रचूड़ ने एक ऐतिहासिक फैसला दिया ओर उन्होंने अपने फैसले में कहा पेंशन न तो उपहार है ओर ना ही इनाम ।
पेंशन एक सेवानिवृत्त कर्मचारी का अधिकार है जिसने देश व सरकार की लंबे समय तक सेवा की थी और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए बाध्य है कि उसके कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद एक शांतिपूर्ण ओर सम्मानजनक जीवन जिये । उसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर पेंशनर्स के कई संगठन सक्रिय हुए और लगातार सरकार पर दबाव बनाए तब जाकर सरकार ने वेतन आयोग गठित किया और पेंशन का प्रावधान किया गया।
पेंशनर्स की उन समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से ही ‘पेंशनर दिवस’ मनाया जाता है। देश का पेंशनर संगठन सर्वोच्च न्यायालय फैसले के बाद इसे अपने स्वाभिमान दिवस के रूप में पेंशनर दिवस के नाम से मनाने लगा ।