रायपुर

युवाओं के पास बिजऩेस आइडिया की कमी नहीं सरकार ने तैयार किया सपोर्ट सिस्टम - साय
12-Dec-2024 6:35 PM
युवाओं के पास बिजऩेस आइडिया की कमी नहीं सरकार ने तैयार किया सपोर्ट सिस्टम - साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार शाम भाठागांव स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड में नवनिर्मित इनोवेशन सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया। साथ ही जयस्तंभ चौक के मल्टीलेवल पार्किंग में नवनिर्मित को-वर्किंग स्पेस आरंभ का वर्चुअली लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री  साय ने सेंटर फॉर इनोवेशन, ट्रेड एंड स्किलिंग की स्थापना, रायपुर जिले में 1000 सीटर को-वर्किंग स्पेस निर्माण और नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक जोन में एक-एक बॉक्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण की घोषणा की। इस अवसर पर ओयो के फाउंडर  रितेश अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में 500 करोड़ रूपए का निवेश करने और 15 हजार रोजगार सृजन करने की बात कहीं। इनोवेट के गेम जोन में मुख्यमंत्री साय एवं ओयो फाउंडर अग्रवाल ने टेबल टेनिस खेल में हाथ आजमाया।

श्री साय ने कहा कि युवा उद्यमियों के दिमाग में उद्यम के बहुत से विचार हैं। वे अपना स्टार्टअप आरंभ करना चाहते हैं बस उन्हें थोड़ा सहयोग देने की आवश्यकता है फिर वे कमाल कर दिखाएंगे। सरकार युवाओं के लिए यही सपोर्ट सिस्टम तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने  जिला प्रशासन के कार्यों की सरहाना की।

उन्होंने कहा कि स्टार्टअप के लिए एक आफिस, फर्नीचर, एक अच्छा लोकेशन, कंप्यूटर, वाईफाई चाहिए, लेकिन इतने सब कुछ के लिए ही जो बजट लगता है वो बहुत से युवा उद्यमियों के बस की बात नहीं होती। को-वर्किंग एंड इनोवेशन सेंटर के रूप में यही आफिस स्पेस उन्हें उपलब्ध करा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 48 लाख रुपए की लागत से जयस्तंभ चैक के मल्टीलेवल पार्किंग सेंटर में आरंभ स्टार्टअप को-वर्किंग सेंटर तथा एक करोड़ रुपए की लागत से अंतरराज्यीय बस टर्मिनल में इनोवेशन सेंटर तैयार किया गया है। यहां स्टार्टअप उद्यमियों को काम करने के लिए आफिस मिल जाएगा।

 कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने नवगुरूकुल संस्था के युवाओं को जॉब आफर लेटर दिया। शी-हब से जुड़ी महिलाओं और स्टार्टअप कंपनियों के युवा उद्यमियों का सम्मान किया। साथ ही बी.पी.ओ. सेंटर से जुड़े युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया। कार्यक्रम के दौरान नवाचार क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारियों का सम्मान किया। इस अवसर पर जिले के विधायक निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ  विश्वदीप समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट