रायपुर

फेडरेशन के नेता पीएस निहारिका से मिले, चुनाव पूर्व की मांगे पूरी करने कहा
09-Dec-2024 6:43 PM
फेडरेशन के नेता पीएस निहारिका से मिले, चुनाव पूर्व की मांगे पूरी करने कहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 दिसंबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने प्रमुख सचिव निहारिका बारीक से भेंटकर कर्मचारियों की चुनाव पूर्व से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा कर ज्ञापन सौंपा। श्रीमती बारिक ने सभी मांगों पर आश्वासन दिया।

फेडरेशन सेवारत एवं पेंशनरों को भाजपा घोषणा पत्र अनुसार केन्द्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता दिया एवं जुलाई 2019 से लंबित महंगाई भत्ते के एरियर्स को मध्यप्रदेश पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 68 (2) अनुसार भविष्य निधि खाते में समायोजित करने की मांग की ।इसी तरह  लिपिक सहित विभिन्न संवर्ग के वेतन विसंगति एवं अन्य मुद्दों के लिए गठित पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने,प्रदेश के शासकीय सेवकों को चार स्तरीय पदोन्नत समयमान वेतनमान  देने,अर्जित अवकाश नगदीकरण 300 दिन करने प्रदेश के सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी को अन्य कर्मचारियों के समान त्रिस्तरीय वेतनमान स्वीकृति करने की भी बात कही गई । केन्द्र के समान गृह भाड़ा भत्ता कार्यभारित /आकस्मिक सेवा के कर्मचारियों को समान वेतन के रिक्त पदों पर समायोजित करने,गोपनीय प्रतिवेदन, अचल संपत्ति विवरण ऑनलाइन करने, मोदी के गारंटी के तहत भाजपा घोषणा पत्र में उल्लेखित समस्त  समस्याओं के निराकरण हेतु समय सीमा निर्धारित करने पर जोर दिया। कमेटी के अध्यक्ष ने तत्काल इन मांगों पर आवश्यक कार्यवाही करने आश्वासन दी। प्रतिनिधिमंडल में संयोजक कमल वर्मा,रोहित तिवारी,राकेश शर्मा, जय साहू, संतोष वर्मा आदि शामिल थे।


अन्य पोस्ट