रायपुर
गिरफ्तारी को पत्नी ने दी चुनौती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 दिसंबर। इंडिगो की नागपुर कोलकाता फ्लाइट में बम होने की सूचना देने वाले को गिरफ्तार कर रायपुर पुलिस फंसती नजर आ रही है। यह सूचना देकर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराने वाला शख्स केंद्रीय गुप्तचर अधिकारी निकले। अपना आई कार्ड दिखाने के बाद भी रायपुर पुलिस ने उसकी बिना तहकीकात किए गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया।
यह इमरजेंसी लैंडिंग 14 नवंबर को सुबह 9 बजे कराई गई थी। उस फ्लाइट से अनिमेष मंडल नागपुर से कोलकाता जा रहे थे। जो सेंट्रल आईबी में डिप्टी इन्वेस्टिगेशन आफिसर नागपुर में पदस्थ हैं। उस नागपुर से उड़ान भरते ही उन्हे मिले इनपुट मैसेज की सूचना विमान के क्रू मेंबर को दी। फिर क्रू मेंबर ने पायलट को दी। और फिर पायलट ने एटीसी से संपर्क कर करीब के रायपुर एयरपोर्ट में लैंडिंग कराई गई। विमान के लैंड करते ही एसएसपी संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस अनिमेष को गिरफ्तार किया और दोपहर होते कोर्ट में पेश कर रिमांड पर जेल भेज दिया। जबकि अनिमेष ने कोर्ट में भी बताया पुलिस को अपना आई कार्ड दिखाया था।
वरिष्ठ वकील सैयद फैसल रिजवी के मुताबिक अनिमेष की पत्नी रायपुर आई हुई हैं। उन्होंने अनिमेष के पहली नियुक्ति के आदेश, नागपुर पोस्टिंग आर्डर, पे स्लिप जैसे दस्तावेज पेश किए हैं। आज कोर्ट में पेश कर अनिमेष को बाइज्जत बरी करने का आवेदन लगाएंगे। अन्यथा हाईकोर्ट जाएंगे। हाईकोर्ट को ऐसे केस सुनने के अधिकार निहित हैं। चूंकि रायपुर में सुनवाई नहीं हो सकती इसलिए अब विशेष कोर्ट वाले शहर केस ट्रांसफर करना होगा। इस खुलासे के बाद रायपुर पुलिस के लिए नई मुसीबत सामने आती नजर आ रही है।
रायपुर में यह कोर्ट है ही नहीं
अब यह जानकारी मिली है कि रायपुर कोर्ट को इसकी सुनवाई का अधिकार ही नहीं था। सप्रेशन आफ अन लॉ फुल एक्ट इन सिविल एविएशन की धारा 3-1 (डी)के तहत आजन्म कारावास का प्रावधान है।इसी एक्ट की धारा 5-डी के ऐसे मामलों के लिए गठित विशेष कोर्ट में सुने जाते हैं। यह कोर्ट रायपुर ही नहीं छत्तीसगढ़ में ही नहीं है।
ऐसे में वरिष्ठ अधिवक्ता न्यायपालिका के अधिकार व इस मामले की सुनवाई पर भी सवाल उठा रहे हैं?
रायपुर पुलिस एनआईए को सौंपने की तैयारी कर रही थी
यह भी बताया गया है कि रायपुर पुलिस इस मामले को एनआईए को सौंपने की तैयारी कर रही थी। किंतु सी-आईबी के अन्य अफसरों के हस्तक्षेप के बाद मामला रूका। अनिमेष की गिरफ्तारी ने देशभर के आईबी और गुप्तचर सूचनाओं से जुड़े विभागों में पुलिस के साथ लकीर खींच दी है। इस घटना के बाद गुप्तचर अधिकारियों का कहना है कि हम ऐसी ही सूचनाएं डिलीवर करते हैं। पुलिस के ऐसे बर्ताव को देखते हुए भविष्य में न देने की मनस्थिति बन रही है । जब अनिमेष मंडल ने अपने परिचय पत्र दिखाए थे तो बिना जांच किए गिरफ्तार करने की जल्दबाजी क्यों थी?