रायपुर
रायपुर,7 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने मुख्य सचिव को पत्र सौंप कर महानदी भवन परिसर में अन्नपूर्णा दाल भात केन्द्र का संचालन पुन: प्रारंभ करने की मांग की है।
संध के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि संघ के समक्ष मंत्रालय के विभिन्न अल्प वेतन भोगी कर्मचारियों, सफाई कर्मचारी एवं अन्य कर्मचारियों ने यह बात ध्यान में लाई है कि विगत 02 वर्षों से मंत्रालय परिसर में संचालित अन्नपूर्णा दाल भात केन्द्र का संचालन बंद होने से उन्हें दोपहर का पौष्टिक भोजन प्राप्त करने में कठिनाई होती है। पूर्व संचालित स्थल में अब गढ़ कलेवा का संचालन किया जा रहा है जहां खाद्य पदार्थों की दरें अधिक होने से अल्पवेतन भोगी कर्मचारियों का प्रतिदिन भोजन करना संभव नहीं है।चूंकि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में कमजोर वर्ग की जनता का पोषण भी शामिल है। अतएव गढ़ कलेवा को अन्यत्र स्थानांतरित कर, उक्त स्थान पर पूर्व की भांति अन्नपूर्णा दाल भात केन्द्र संचालित करने निर्देश जारी करने का अनुरोध है।