रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 दिसंबर। उच्च शिक्षा विभाग में प्राध्यापक के 595 पदों में भर्ती हेतु 7 अक्टूबर 2021 में ज्ञापन जारी हुआ था। इसके बाद वर्ष 2024 में ज्ञापन में गड़बड़ी का शुद्धि पत्र जारी हुआ। भर्ती के लिए 1545 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। 2 दिसंबर से 16 दिसंबर तक दस्तावेज सत्यापन का कार्य होना था। 2 दिसंबर को कंप्यूटर के अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार हुआ था। जिसके दूसरे दिन 3 दिसंबर को होने वाला दस्तावेज परीक्षण का कार्य स्थगित कर दिया गया। जिसके चलते रायपुर के बाहर से आए अभ्यर्थियों को वापस लौटना पड़ा। पीएससी के परीक्षा नियंत्रक ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राध्यापक के कुल 595 विज्ञापित पदों की पूर्ति हेतु दस्तावेज सत्यापन 2 दिसंबर से 16 दिसंबर तक आयोजित किया गया था। जिसे आयोग ने अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया है। आगामी तिथि की कोई सूचना पीएससी के द्वारा नहीं दी गई है। बल्कि पीएससी ने बताया है कि संशोधित तिथि की सूचना आयोग की अधिकृत वेबसाइट पर पृथक से जारी की जाएगी।
वहीं उच्च शिक्षा विभाग ने 13 विषयों के कुल 88 पदों की पूर्ति हेतु अभ्यर्थियों का सीधे दस्तावेज सत्यापन 10 से 17 दिसंबर तक करेगा। इन विषयों में अंग्रेजी, माईक्रोबॉयोलॉजी, लोक प्रशासन, प्राचीन भारतीय इतिहास, बॉयोटेक्नोलॉजी, सैन्य विज्ञान, ज्योतिष, दर्शन शास्त्र, मानव शास्त्र, इतिहास, संस्कृत, विधि एवं गृह विज्ञान विषय शामिल हैं। कुल 255 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन निर्धारित तिथि को प्रथम पाली पूर्वान्ह 10:00 बजे एवं द्वितीय पाली अपरान्ह 02.00 बजे किया जायेगा। दस्तावेजों के सत्यापन में अनुपस्थित एवं अनर्ह पाए जाने पर उक्त अभ्यर्थियों को आगामी भर्ती संबंधी प्रक्रिया में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जायेगी।अभ्यर्थी के पास आवश्यक शैक्षणिक अर्हताओं एवं अन्य अर्हताओं का च्प्रमाण-पत्रज् ऑनलाईन आवेदन करने हेतु निर्धारित अंतिम तिथि अथवा उसके पूर्व प्राप्त कर लिया होना चाहिए। ऑनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि के बाद की तिथि को जारी की गई शैक्षणिक अर्हताओं एवं अन्य अर्हताओं के प्रमाण पत्र मान्य नहीं होंगे।