रायपुर

एसीबी रायपुर ने कवर्धा में जनपद के लेखाधिकारी को घेरा, सितंबर में गिरफ्तार हो चुका था
01-Dec-2024 2:53 PM
एसीबी रायपुर ने कवर्धा में जनपद के लेखाधिकारी को घेरा, सितंबर में गिरफ्तार हो चुका था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 दिसंबर।
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने निलंबित सहायक लेखा अधिकारी के घर पर रेड मारी है। जनपद पंचायत बोड़ला के सहायक लेखा अधिकारी नरेंद्र राउतकर को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बीते 12 सितंबर को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार  जेल भेजा गया था। और बाद में उसे जमानत मिल गई थी। अब उनके निवास पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम रविवार सुबह  पहुंचकर आय से अधिक संपत्ति की जांच कर रही है। 

कवर्धा के आनंद विहार में बोड़ला पंचायत के निलंबित सहायक लेखा अधिकारी नरेंद्र राउतकर का मकान है। आज सुबह 6 बजे एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर की टीम छापा मारने राउतकर के मकान में पहुंचीं। घर में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम की दस्तक से ही घर वालों की निंद खुली। राउतकर के घर में उनकी पत्नी व बच्चे मौजूद थे। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम में 7 सदस्य शामिल है। निरीक्षक स्तर के अधिकारी घर में छानबीन में जुटे हुए हैं। आनंद विहार स्थित मकान के अलावा एसीबी की टीम ने उनके दो अन्य ठिकानों पर भी छापा मारा है। बता दे कि 12 सितंबर को एक लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडऩे के बाद नरेंद्र राउतकर को 13 सितंबर को एसीबी ने अदालत में पेश कर जेल भेजा था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई।

रंगे हाथों गिरफ्तार करने के अलावा आय से अधिक संपत्ति की आशंका पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम जांच में जुटी है।

सी-जीएसटी को दोनों अफसर जेल भेजे गए 
कल रिश्वत लेते सीबीआई की गिरफ्त में आए  सी-जीएसटी रायपुर के दोनों  अफसरों को विशेष न्यायाधीश ने 14 दिन की जुडिशियल रिमांड में जेल भेज दिया है। इससे पहले  सुपरिंटेंडेंट इलोंका मिंज और इंस्पेक्टर सौम्य रंजन मलिक जीएसटी की राशि में गड़बड़ी की सेटलमेंट करने और पेनल्टी से बचाने के नाम पर घूस मांग रहे थे। दोनों ने दवा कारोबारी राहुल वर्मा को 3 लाख रुपए की पेनल्टी का डर दिखाया। इसके सेटलमेंट के लिए उसने पहले 75 हजार रुपए मांगे थे।  इसे लेकर मेडिकल व्यापारी राहुल वर्मा की शिकायत पर सीबीआई ने शुक्रवार को 20 लोगों की 3 टीम बनाकर दोनों अफसरों को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। 

अब सीबीआई दोनों आरोपियों से 14 दिनों तक जेल में पूछताछ करेगी। इनमें से इलोंका 10 वर्ष पूर्व और सौम्य रंजन दो वर्ष पहले ही सेवा में आया था।
 


अन्य पोस्ट