रायपुर

अगस्त 27 में एयरपोर्ट नुमा होगा रायपुर स्टेशन
30-Nov-2024 9:53 PM
अगस्त 27 में एयरपोर्ट नुमा होगा रायपुर स्टेशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 नवंबर। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी सोमन्ना दो दिन के छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर होकर कोरबा पहुंचे। उनका यह प्रवास पीएम मोदी की आंकांक्षी जिला योजना के तहत कोरबा में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा को लेकर है। वे जल शक्ति राज्य मंत्री भी हैं । उन्होंने कहा कि वे दूसरे आंकांक्षी जिले कोंडागांव के भी दौरे पर आएंगे।

कोरबा रवाना होने से पहले राजधानी के स्टेशन पर पत्रकारों से चर्चा में कहा कि अगले तीन वर्ष में  अगस्त 2027 तक रायपुर रेलवे स्टेशन का नवनिर्माण पूरा  कर लोकार्पण कर दिया जाएगा। पूरा काम युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।इस पर 440 करोड़ रूपए खर्च किए जा रहे हैं।

उनका कहना था कि इसे एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। 70 एकड़  में फैले स्टेशन में अगले 10वर्षों की जरूरत को देखते हुए दो और प्लेटफॉर्म (अभी 7हैं )बनाए जाएंगे। 42 लिफ्ट, 24एक्सीलरेटर के साथ 300किलोवाट सौर उर्जा संयंत्र की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि रेल सुविधाओं की दृष्टि से छत्तीसगढ़ पीएम मोदी की प्राथमिकता वाला राज्य है। उन्होंने इसके लिए बिलासपुर जोन को  6896 करोड़ रूपए का बजट दिया हुआ है। इसके तहत दुर्ग, , बिलासपुर के साथ कई अन्य  स्टेशनों को अमृत मिशन  में विकसित किया जा रहा।

सीनियर सिटीजन कंसेशन

कोरोना काल से बंद सीनियर सिटीजन कंसेशन पर रेल राज्य मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी कैबिनेट मंत्री वैष्णव और हम सब इस पर गहन चिंतन कर रहे हैं। इस पर चर्चा निर्णय कारक स्थिति में है। एक माह में निर्णय ले लिया जाएगा।

रेल योजनाओं पर सीएम से चर्चा

रायपुर, 30 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज शाम  छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए केन्द्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने मुलाकात की।  श्री साय ने श्री सोमन्ना का छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए उन्हें बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह व शॉल भेंट की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सोमन्ना से राज्य में रेल परियोजनाओं के विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव द्वय  पी. दयानंद और डॉ. बसवराजु एस, डीआरएम  संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट