रायपुर

1448 वन रक्षक पदों के लिए सवा 4 लाख से अधिक अभ्यर्थी फेंक रहे गोला, लांग जंप और दौड़ भी
30-Nov-2024 2:02 PM
1448 वन रक्षक पदों के लिए सवा 4 लाख से अधिक अभ्यर्थी फेंक रहे गोला, लांग जंप और दौड़ भी

भर्ती प्रक्रिया में बदलाव पर हर रोज नई चर्चाएं 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 नवंबर।
वन विभाग में 1448 वन रक्षकों को पदों के लिए कुल 4.32 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इन दिनों प्रदेश के सभी सीसीएफ मुख्यालयों में  इनका फिजिकल टेस्ट शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही है। सबसे अंत में सरगुजा में 3 दिसंबर से होगी। इन चार लाख अभ्यर्थियों में सर्वोधिक बिलासपुर वृत में 116179 और रायपुर में 114427 दावेदार हैं। सबसे कम कांकेर वृत में 39782 आवेदक हैं। 

इन लाखों अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट के लिए विभाग ने हैदराबाद और दिल्ली की निजी एजेंसी को नियुक्त किया है। उनके कामगार प्रदेश के  सभी भर्ती स्थलों में डिजिटल मशीन उपकरणों के साथ शारीरिक दक्षता की जांच कर रही है । यह टेस्ट तडक़े पांच बजे से रात 8 बजे के बाद तक चलता है।फिजिकल टेस्ट के लिए दौड़,लंबी कूद,गोला फेंक करवाया जा रहा है। हर अभ्यर्थी के शरीर पर चिप वाले उपकरण लगाकर टेस्ट लिया जा रहा है। ताकि निष्पक्षता के दावे के साथ सेकंड के सौंवें हिस्से तक का आंकलन किया जा सके।

लिखित परीक्षा को लेकर चर्चा
राजधानी के कोटा स्टेडियम में चल रही भर्ती का स्थल पर छत्तीसगढ़ संवाददाता ने जायजा लिया । जहां अभ्यर्थियों और भर्ती की निग़रानी कर रहे वन अमले  में कई चर्चाएं चल रही थी। अब तक तय और विग्यापित भर्ती प्रक्रिया के मुताबिक फिजिकल टेस्ट में चयन के बाद  लिखित परीक्षा ली जानी थी। जो व्यापमं लेगा और विभाग में यह भी कहा गया कि अंतिम चयन के लिए साक्षात्कार भी होगा। कल शाम भर्ती स्थल और भर्ती के लिए नोडल आफिस में चर्चा आई कि लिखित परीक्षा नहीं होगी।

फिजिकल टेस्ट के बाद सीधे चयन सूची जारी की जाएगी। इससे अभ्यर्थियों में नाराजगी के साथ तरह तरह की चर्चाएं हो रहीं है। यानी सवा चार लाख से अधिक अभ्यर्थियों में से एकाएक 1448 बीट गार्ड फिजिकल टेस्ट से ही चुन लिए जाएंगे। ऐसे में विवाद और बढ़ सकता है।भर्ती स्थल पर  कल इन चर्चाओं के बीच कुछ अभ्यर्थी कोर्ट में चुनौती देने की बात कह रहे हैं। जीएडी व्यापमं,और यहां तक कि पीएससी के सामान्य भर्ती नियम कहते हैं कि फिजिकल टेस्ट में  कुल पदों के आवेदकों में से हरेक के लिए कम से कम तीन अभ्यर्थी लिखित परीक्षा के  लिए चुने जाएंगे। उनमें से चयनित साक्षरता के लिए। वैसे एनडीए 2.0 में ही तृतीय चतुर्थ वर्ग के पदों के लिए साक्षात्कार खत्म कर दिया गया था। इसका अनुपालन राज्य में भी किया गया। 

16 हजार वेतन और गोल्ड मेडलिस्ट
वन रक्षक से पद पर शुरूआती वेतनमान 16 हजार का निर्धारित है। और महंगाई भत्ता और अन्य भत्ते ।हरेक पदोन्नति के बाद उसका वेतनमान। ये वन रक्षक पदोन्नत होकर रिटायर होने तक रेंजर बन सकते हैं । इसे देखते हुए बेहतर भविष्य  को देखते हुए इंजीनियर, एमबीए, बीई, बीटेक एमटेक पास आउट भी भर्ती परीक्षा दे रहे हैं।  यह भी बताया गया है कि इनमें 12 गोल्ड  मेडलिस्ट भी हैं।
 


अन्य पोस्ट