रायपुर

रेत खदान की अवैध नीलामी, गौरभाठ के सरपंच सहित 16 पर एफआईआर
29-Nov-2024 7:52 PM
रेत खदान की अवैध नीलामी, गौरभाठ के सरपंच सहित 16 पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 नवंबर। आरंग इलाके के ग्राम गौरभाठ में अवैध रेत खनन नीलामी कराए जाने के मामले कलेक्टर के निर्देश पर मिल रही शिकायतों पर ग्राम सरपंच दुर्गा निषाद सहित अन्य 16 लोगों के खिलाफ पुलिस ने बीएनएस की धारा 318-4, 3(5) का अपराध दर्ज किया खनिज विभाग की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

सहायक खनिज अधिकारी रायपुर उमेश कुमार भार्गव के मुताबिक गुरूवार को कार्यालय कलेक्टर खनिज शाखा को सूचना मिली थी कि ग्राम गौरभाठ क्षेत्र में ग्रामीणों ने महानदी पर रेत खनन की नीलामी के लिए अवैध रूप से सोशल मीडिया में वीडियो वायरल किया गया था। साथ ही समाचार के माध्यम से निविदा भी निकाली गई। 2 नवंबर को वायरल विडियो एवं  13 नवंबर को दैनिक सामाचार पत्र में प्रकाशित समाचार के माध्यम से संज्ञान लिया। ग्रामीणों द्वारा रेत घाट की नीलामी किया गया। कार्यालय को प्राप्त ज्ञापन की जांच तहसीलदार आरंग को निर्देशित किया गया। तहसीलदार की रिपोर्ट  में प्रकाशित समाचार और वीडियो  सही पाया है ।

खनिज विभाग ने कार्रवाई करने हुए बुधवार को इसकी सूचना आरंग पुलिस को दी। पुलिस ने ग्राम गौरभाठ जाकर मामले की जांच पड़ताल कर ग्राम विकास अध्यक्ष हरीशचंद्र चंद्राकर, सरपंच दुर्गा निषाद, सचिव ओकार साहू, कोषाध्यक्ष नारायण साहू, शारदा साहू, लुकेश साहू, इंदल कोसले, जयलाल कोसले, चिम्मन साहू, तोमनलाल यादव, विष्णु धनकर, भागवत निषाद अरूण ध्रुव, बोलीदार अमीत चंद्राकर और नीलामी करता संतोष सेन के खिलाफ अवैध रेत खनन नीलामी मामले में धारा 318-4, 3(5) का अपराध दर्ज किया है। राजधानी और प्रदेश में यह अपनी तरह का पहला मामला है। जिसमें ग्रामीणों ने ही सरपंच के साथ मिलकर खदान को नीलाम कर दिया। वैसे अब तक नदी किनारे के घाटों से रेत की अवैध खनन पूरी गिरोहबाजी के साथ चलती रही है।


अन्य पोस्ट