रायपुर
रायपुर, 29 नवंबर। आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद ने फ्लाईएश नोटिफिकेशन-2021 के विभिन्न प्रावधानों के पालन के मूल्यांकन के लिये प्रदेश के सभी थर्मल पॉवर प्लांट के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में मण्डल के सदस्य सचिव, पी. अरूण प्रसाद भी उपस्थित थे।
बैठक में श्री आनंद ने कहा कि सभी प्लांट यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में फ्लाईएश भूमि या जल निकायों में डंप न किया जाये एवं जहां विभिन्न गतिविधियों में फ्लाईएश का उपयोग किया जा रहा है उन परियोजना स्थल तक मुफ्त में फ्लाईएश पहॅुचाई जाये। यह सुनिश्चित करें कि फ्लाईएश को लाने ले जाने वाले वाहन ठीक तरह से तारपोलिन से ढक़ें हों एवं किसी भी स्थिति में फ्लाईएश सडक़ पर न गिरे अन्यथा संबंधित उद्योग के विरूद्ध निर्धारित नियम के अनुसार कड़ी कार्यवाही करते हुए पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की कार्यवाही की जायेगी।
मण्डल के सदस्य सचिव पी. अरूण प्रसाद ने नये नियमों का पालन न करने वाले विद्युत संयंत्रों पर हर वित्तीय वर्ष के अंत में प्रयोग में न आने वाली एश पर 1000 रू. प्रतिटन के मान से पर्यावरणीय मुआवजा लगाया जायेगा। अधिसूचना, 2021 में फ्लाईएश के उपयोग एवं कार्यान्वयन की प्रगति के लिये प्रवर्तन, निगरानी, लेखा परीक्षा और रिपोर्टिंग का प्रावधान किया गया है।
फ्लाईएश वाहनों की निगरानी के लिये एक नया पोर्टल विकसित किया गया है। बैठक में थर्मल पॉवर प्लांट को उनके सुझावों के लिये इस पोर्टल का प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। श्री आनंद ने कहा कि इस पोर्टल को बहुत गंभीरता से लागू किया जायेगा। प्रसाद ने फ्लाईएश निपटान के लिये अनुपालन ऑडिट केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा अधिकृत आडिटरों द्वारा किया जायेगा। बैठक में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल के वरिष्ठ अधिकारी एवं थर्मल पॉवर प्लांट के प्रमुख प्रतिनिधियों ने भाग लिया।