रायपुर
दोषी का एक वर्ष का कठोर कारावास
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 नवम्बर। शहर में बिजली चोरी का मामला सामने आया है। मीटर में छेड़छाड़ कर बिजली चोरी करने वाले मेसर्स मित्तल इंडस्ट्रीज को कोर्ट ने 12 लाख रूपए का जुर्माना और आरोपी को एक वर्ष कठोर कारावास की सजा से दंडित किया है। इंडस्ट्रीज के मीटर में लगे लॉक को खोलकर बिजली विभाग को 3 लाख 90 हजार 876 रूपए की चोरी की थी। घटना 14 साल पहले खमतराई इलाके की है।
अपर लोक अभियोजक कैलाश आगासे ने बताया कि अश्वनी गोपावार, सहायक यंत्री, छ.ग. राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित ने 17 फरवरी 2011 में खमतराई थाना में बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराया था। उसने बताया कि विभाग द्वारा आकस्मिक निरीक्षण के दौरान मित्तल इंडस्ट्रीज, रांवाभाठा में लगे विद्युत मीटर को चेक करने पर मीटर की बाडी सील में टेम्पर्ड पाया गया था। जिसके बाद मीटर को परीक्षण के लिए ले जाया गया। जांच में पाया गया कि विद्युत मीटर के साथ छेड़छाड़, सील तोडक़र विद्युत चोरी किया गया है। इससे विभाग को 3,90,876 रूपए हानि हुई। शिकायत पर खमतराई पुलिस ने मेसर्स मित्तल इंडस्ट्रीज के पुनीतराम साहू के खिलाफ धारा 138-क, 135- क विद्युत अधिनियम प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। जिसे चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। जहां पर पुनीत राम साहू को विघुत चोरी करना पाए जाने पर दोषी ठहराते हुए एक वर्ष का कठोर कारावास और कम्पनी पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया। साथी आरोपी पर 10 हजार रूपए का अर्थदण्ड आरोपित किया। राशि नहीं देने पर 6 माह का अतिरिक्त कारावास देना निर्धारित किया गया।