रायपुर

डेका ने किया छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण
26-Nov-2024 6:25 PM
डेका ने किया छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर/नई दिल्ली, 26 नवंबर। नई दिल्ली के भारत मण्डपम में आयोजित 43वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में मंगलवार को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित वस्तुओं और उत्पादों की शिल्पकारों और उद्यमियों से जानकारी ली।

राज्यपाल ने प्रशंसा करते हुए कहा कि व्यापार मेला छत्तीसगढ़ की पहचान को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का एक बेहतरीन मंच है।  छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य की सांस्कृतिक विरासत, हस्तशिल्प, और औद्योगिक विकास को प्रदर्शित किया गया है। 

छत्तीसगढ़ के शिल्पकार एवं कलाकारों द्वारा बेलमेटल शिल्प, कोसा सिल्क व जैविक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। पवेलियन में राज्य की नई औद्योगिक योजनाओं और निवेश की संभावनाओं को भी यहां दिखाया गया। इस दौरान नई दिल्ली में पदस्थ छत्तीसगढ़ की इन्वेस्टमेंट कमिश्नर श्रीमती ऋतु सैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट