रायपुर
आरटीओ में फर्जीवाड़ा जारी,एजेंट व अमला लिप्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 नवंबर। आरटीओ आफिस रावांभाठा में एजेंट व दलालों का खेल बदस्तूर जारी है। न जिला आरटीओ न प्रदेश के परिवहन आयुक्त रोक लगा पा रहे हैं।
आरटीओ में जहां 90 रूपए का लर्निंग लाइसेंस 900 रूपए बन रहे हैं वहीं कई सरकारी काम के लिए आवश्यक दस्तावेज के रूप में रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस,परमिट आदि में भी फर्जीवाड़ा किया जा रहा है ।
जो राजधानी समेत पूरे प्रदेश के जिला आरटीओ आफिसों में खुलेआम चल रहा है। इसके पीछे मुख्य कारण आरटीओ कर्मचारियों का अपने जिम्मे का यह लोकसेवा कार्य स्वयमेव न कर एजेंट दलालों के जरिए करने की प्रवृति है। जबकि आरटीओ ये सभी काम सिटीजन चार्टर के दायरे में है और इसके तहत निर्धारित समय सीमा में भी इन्हें करने बाध्यता भी है। इतना ही नहीं आरटीओ,ये सभी काम आनलाइन और घर पहुंच सेवा में भी शामिल कर लिया है।
किंतु उपरी कमाई के चलते कोई आरटीओ कर्मी अधिकारी एजेंट के भेजे मामले ही निपटाते है। इसके लिए आरटीओ एजेंट और अमला फर्जीवाड़ा करने से भी नहीं चूकते। खमतराई पुलिस ने जमानत के लिए आरटीओ दस्तावेज में छेड़छाड़ करने वाले पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। इसमें आरटीओ एजेंट की भी संलिप्तता है।
खमतराई पुलिस के मुताबिक यह मामला 8 माह पहले 2 अप्रैल का है। यह धोखाधड़ी साबित होने पर पुलिस ने कल रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस के अनुसार मोहम्मद सुल्तान अहमद,मो परवेज ने अनिल वर्मा को जमानत कराने के लिए विभिन्न दस्तावेज में हस्ताक्षर कराकर उसके नाम रजिस्टर्ड कार एमजी हेक्टर सीजी 04 एमजी 7755 को आरटीओ एजेंट की मदद से अपने नाम कराकर धोखाधड़ी की। पुलिस के मुताबिक इनमें एक वकील है और एक एजेंट है। वकील मौदहापारा इलाके का निवासी है। पुलिस ने 420,467,468,471,34 का अपराध दर्ज किया। इसमें लिप्त आरटीओ कर्मचारी व अफसर पर भी कार्रवाई की जा रही है ।