रायपुर

सीएम ने अजजा सेवकों से कहा-एकजुट होकर प्रदेश को एक नई दिशा देने के लिए तैयार रहें
24-Nov-2024 7:26 PM
सीएम ने अजजा सेवकों से कहा-एकजुट होकर प्रदेश को एक नई दिशा देने के लिए तैयार रहें

मुख्यमंत्री शासकीय सेवक विकास संघ के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 नवंबर। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय आज राजधानी  के  दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ अजजा शासकीय सेवक विकास संघ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा छत्तीसगढ़ का अजजा समाज हमारी सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और मूल्यों का संवाहक है। मुख्यमंत्री ने लोकसंस्कृति पर केंद्रित डुमन लाल ध्रुव की किताब ‘‘लोक जीवन के बदलते संदर्भ‘‘ और छत्तीसगढ़ी कहानियों के संग्रह ‘‘मन के पाखी‘‘ का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री साय ने संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से  कहा कि जनजाति समाज के विकास और उत्थान के लिए राज्य शासन के प्रयासों के साथ-साथ आप सभी की सहभागिता और समर्पण महत्वपूर्ण है।  राज्य और केन्द्र सरकार ने जनजातीय समाज के उत्थान को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं एक बात आपसे विशेष रूप से कहना चाहता हूं कि हमारी-आपकी प्राथमिकता भले ही जनजातीय समाज है, लेकिन हम और आप प्रदेश के सभी नागरिकों के विकास के लिए जिम्मेदार हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह शपथ समारोह यह बताता है कि आप सभी एकजुट होकर प्रदेश को एक नई दिशा देने के लिए तैयार हैं। प्रदेश के और खासकर जनजातीय समुदायों के विकास के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ आप जैसे कर्मठ सेवकों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं इस मंच से यह कहना चाहता हूँ कि हमारी सरकार आपकी हर सकारात्मक पहल में आपका साथ देगी।  संघ के प्रांताध्यक्ष  आर. एन. ध्रुव ने अपने सम्बोधन में समाज की विभिन्न मांगों से अतिथियों को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर विचार कर उचित निर्णय का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद  देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व संसदीय सचिव  शिशुपाल सोरी, समाज के पूर्व प्रांताध्यक्ष  सरजियस मिंज, प्रांताध्यक्ष  आर. एन. ध्रुव, आर ठाकुर, बी. एल. ध्रुव सहित छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट