रायपुर
रायपुर, 23 नवम्बर। सडक़ हादसे में घायल कृषि मंत्री राम विचार नेताम इलाज के बाद शनिवार दोपहर डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। उनका हाथ फ्रेक्चर होने से एक माह के लिए सपोर्ट बैंडेज लगाया गया है। इससे पहले आज सुबह नेताम ने एक्स पोस्ट पर अपने स्वस्थ होने की खबर दी है। नेताम ने लिखा आपके स्नेह, प्रार्थनाओं और आशीर्वाद ने मुझे अपार हिम्मत और शक्ति दी है, मैं आपके इस अपार स्नेह का ऋणी हूं। इस मुश्किल समय में जो प्रेम और साथ मुझे आपसे मिला, उसके लिए आप सभी का हृदय से आभार। इससे पहले सीएम विष्णु देव साय ने कल देर रात रामकृष्ण केयर अस्पताल जाकर नेताम के स्वास्थ्य की जानकारी ली और और परिजनों से मुलाकात की। नेताम से भी बात हुई। उनके बाएं हाथ और माथे पर चोट है। चिंता की कोई बात नहीं, वे जल्द स्वस्थ हो जाएंगे। डॉक्टर की निगरानी में उनका इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर हैं। कल शाम कवर्धा दौरे से लौटते समय बेमेतरा के पास सडक़ दुर्घटना में नेताम और तीन सहयोगी घायल हो गए थे।