रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 नवंबर। रायपुर दक्षिण उप चुनाव के लिए मतगणना कल शनिवार को सेजबहार गवर्मेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में होगी। कल परिणामों की घोषणा से असंतुष्ट प्रत्याशी 7 दिवस के भीतर चुनौती दे सकते हैं ।इसमें अधिकतम मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशी के बाद 2 एवं 3 पर आने वाले प्रत्याशी अधिकतम 5 प्रतिशत ईव्हीएम (बीयू, सीयू एवं वीवीपेट) की बर्न्ट मेमोरी/माइक्रोकंट्रोलर की जाँच एवं सत्यापन के लिए आवेदन दे सकते है। इसके लिए प्रति ईव्हीएम सेट 40,000 रूपये (18 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त) का शुल्क देय होगा। सीईओ श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने मतगणना सुबह 8बजे से गवर्मेंट इंजीनीयरिंग कॉलेज, सेजबहार, (ब्लॉक-ई) में होगी। निर्वाचन के लिए 2 सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त मतगणना के लिए 4 अतिरिक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि पहले पोस्टल बैलेट की गणना और 8.30 बजे से ईव्हीएम मशीनों के मतों की गणना होगी।
मतों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। यह गणना कुल 19 राउण्ड में पूरी होगी। पोस्टल बैलेट की गणना के लिए 1 अतिरिक्त टेबल की व्यवस्था की गई है। रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा मतगणना की जानकारी को संधारित करने के लिए डाटा कम्पाइलेशन एवं अपलोडिंग सेक्शन बनाया गया है। मतगणना हॉल में अभ्यर्थी या अभ्यर्थियों के मतगणना एजेन्ट्स भी उपस्थित रह सकेंगे, जो हॉल में किए गए फेंस से बाहर लगी हुई कुर्सियों में बैठकर मतगणना कार्य का अवलोकन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि मतगणना हॉल में अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश निषेध रहेगा। विवाद की स्थिति निर्मित होने पर रिटर्निंग ऑफिसर कानूनी कार्यवाही कर सकता है। मतगणना हॉल में इलेक्ट्रॉनिक आईटम्स जैसे- मोबाईल, आईपैड, लैपटॉप, स्मार्ट वाच, कैमरा, तम्बाकू, गुटखा आदि ले जाना प्रतिबंधित है।
मतगणना अभिकर्ता हॉल में कोरा कागज , मतपत्र लेखा प्रारूप 17सी भाग-1 की प्रति, रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा प्रदाय किया गया ईव्हीएम/व्हीव्हीपैट की सूची, जो विधानसभा के विभिन्न मतदान केन्द्रों में प्रयोग में लाई गई है तथा पेन/पेंसिल को ले जा सकेंगे। मतगणना हॉल के भीतर मतगणना के परिणाम का योग करने के लिए प्रत्येक टेबल पर एनालॉग कैल्क्यूलेटर की व्यवस्था की गई है. जिसका उपयोग अभ्यर्थी या उनके अभिकर्ता कर सकते हैं।
मतगणना परिसर में मतगणना कार्य की चक्रवार जानकारी भारत निर्वाचन आयोग के इनकोर काउटिंग एप्पलिकेशन में अपलोड किया जाएगा, जिसें आमजन द्धह्लह्लश्चह्य://ह्म्द्गह्यह्वद्यह्लह्य.द्गष्द्ब.द्दश1.द्बठ्ठ लिंक के माध्यम से देख सकते हैं।