रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। चोरी की अलग अलग तीन घटनाओं में चोर लॉकर से 4 लाख रूपए और बाइक पार कर गए। पुरानी बस्ती पुलिस के अनुसार न्यू चंगोरा भाठा निवासी दिनेश पटेल (39) कुशालपुर स्थित कृषि फर्म एग्रीकॉनिक मशीनरीज़ का संचालक है। 19-20 नवंबर की रात चोर उसके फर्म के पीछे का चैनल गेट तोडक़र घुसे। और लॉकर में रखे 4.60रूपए नगद ले भागे।दिनेश ने कल शाम रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस,दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग जांचने के साथ दुकान और पड़ोस के दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
इधर महामाया पारा आरंग निवासी लखन साहू की बाइक होंडा शाइन सीजी 04- एमयू 0587 पारागांव महानदी पुल से पार हो गई। इसी तरह से न्यू साहूपारा खमतराई निवासी यशवंत साहू की एक्टिवा सीजी 04-एलपी 3427 मैग्नेटो मॉल के पास सर्विस रोड से चोर ले भागे। पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं।
घर घुसकर वृद्धा से कंगन बाली, नगदी लूटे,बेटा बहु पंजाब गए थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। राजधानी में चोर लुटेरे बदमाश बेखौफ हो गए हैं। पिछले दिनों कविता नगर में वारदात के बाद कल रात गीतांजलि नगर में वृद्धा ये साथ लूटपाट की गई । खम्हारडीह थाने इलाके में बुजुर्ग महिला हुंदीदेवी देवानी (83)को घर में अकेली देख यह वारदात की। वृद्धा का बेटा बहू सतसंग में शामिल होने पंजाब गए हुए हैं। कल रात घर घुसे वृद्धा के साथ मारपीट कर कान की बाली,कंगन छीने और 15 हजार रूपए नगद लेकर भाग निकले। बेटे के परिचितों की मदद से वृद्धा ने पुलिस में मामला दर्ज कराया । पुलिस जांच कर रही है। टीआई के मुताबिक यह घटना 19 नवंबर की सुबह साढ़े 5 बजे की है। वृद्धा को घर की कामवाली बाई ने ही लूटपाट की है। जिसे हिरासत में लिया गया है।
नेहरू नगर में चाकूबाजी हमलावर बाइक छोड़ भागा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। राजधानी में देर रात नेहरू नगर के चांदनी चौक के आगे में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक शंकर नगर निवासी युवक मिनार खान ने विजय दुबे को किसी बात पर पहले मारपीट की फिर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। मिनार ख़ान मौक़े पर अपनी गाड़ी छोडक़र भाग गया। बताया गया है कि प्रार्थी के रिपोर्ट करने के बावजूद एक नेता, मिनार खान पर कार्रवाई न करने पुलिस पर दबाव बनाए हुए था। घायल के साथियों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया तब रिपोर्ट दर्ज की गई ।
फावड़ा मार हत्या, हमलावर गिरफ्तार
पुरानी बस्ती इलाके में मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे विनायक सिटी में मजदूरी का काम करने वाले संतोष कुमार (40 ) और नोहर मानिकपुरी (23 ) के बीच पैसों को लेकर तीखी बहस हो गई। बारी बहस के दौरान संतोष ने नोहर पर तंज कसते हुए कहा कि कमाई के कुछ पैसे घर भी भेज दिया कर ये बात नोहर को चुभ गई। इसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। इस बीच नोहर ने संतोष का गला दबा दिया और पास ही पड़े फावड़े से उसके सिर पर कई वार दिए। शोरगुल सुनकर आसपास के और मजदूर वहां पहुंचे, तो नोहर संतोष की लाश के पास ही बैठा मिला पुलिस ने नोहर दास मानिकपुरी को गिरफ्तार कर हमले में इस्तेमाल फावड़ा(रापा) जप्त किया है।

