रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 नवंबर। पं रविशंकर विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्ति पेंशनर्स अपने पेंशन पुनर्निर्धारण व कुछ पेंशनरों को छठवें वेतनमान में तथा कुछ को सातवें वेतनमान में पेंशन देने के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा, विश्वविद्यालय पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा व तीर्थ राम यादव ने बताया है कि पेंशन भुगतान न होने से नाराज सेवानिवृत्त पेंशनर विश्वविद्यालय में निरंतर आंदोलन कर रहे हैं। सभी आंदोलनकारी 60 वर्ष से अधिक है क्योंकि 62 वर्ष में सेवानिवृत हुए हैं। इन सीनियर सिटीजन से चर्चा के दौरान कुल सचिव द्वारा दुर्व्यवहार किया गया है। इसकी शिकायत उच्च शिक्षा मंत्री व राज्यपाल व मुख्यमंत्री से किया जा रहा है।
इस क्रमबद्ध व चरणबद्ध आंदोलन के दौरान कुल सचिव ने पेंशनरों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। किंतु चर्चा के दौरान उनका व्यवहार अशिसष्ट था। जिसका सर्वत्र निंदा किया जा रहा है। श्री झा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मांग की है कि विश्वविद्यालय के पेंशनरों को जब तक नियमानुसार पेंशन नहीं मिल जाता, तब तक कुलपति व कुल सचिव के वेतन आहरण पर रोक लगाया जाना चाहिए। ताकि प्राकृतिक न्याय का सिद्धांत विश्वविद्यालय में लागू हो सके। विश्वविद्यालय के अधिकारी केंद्र सरकार से प्राप्त राशि का सुख सुविधा में दुरुपयोग करते हैं।